लखनऊ उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी में चल रहे घमासान और नोटबंदी के 50 दिन पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेड़कर मैदान में परिवर्तन महारैली को संबोधित करेंगे। मोदी की रैली को देखते हुए सुरक्षा के कडे इंतजाम किए गए है
भाजपा पदाधिकारियों की माने तो परिवर्तन महारैली में लगभघ 10 लाख लोगों के जुटने की संभावना है। मोदी की परिवर्तन महारैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली स्थल ही नहीं, पूरे लखनऊ को झंडों, पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया है।
कार्यक्रम के मुताबिक, नरेन्द्र मोदी सोमवार को दोपहर 1.50 पर अमौसी हवाईअड्डे पर उतरेंगे। दोपहर दो बजे रैली स्थल के लिए रवाना होंगे। वह 2.05 बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे। इसके बाद 3.15 बजे रैली स्थल पर रहेंगे। वह 3.25 बजे हवाईअड्डे पहुंचकर 3.30 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने रमाबाई अंबेड़कर मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लिया।