Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

इन 153 सांसदों की संपत्ति में हुई औसत 142% की बढ़ोतरी, शत्रुघ्न सिन्हा, वरुण गांधी भी शामिल

नेशनल इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के विश्लेषण के अनुसार पुन: निर्वाचित लोकसभा 153 सांसदों की औसत वित्तीय संपत्ति 2009 में 5.5 करोड़ से बढ़कर 2014 में 13.32 करोड़ हो गई। इन सांसदों में IUML के ई. टी. मोहम्मद बशीर की संपत्ति में 2,018% (लगभग 22 गुना ) की बढ़ोतरी हुई। जिसके बाद TMC के सिसिर कुमार अधिकारी की संपत्ति में 1,700%, AIADMK के सांसद पी. वेणुगोपाल का यह आंकड़ा 1,281% बढ़ गया। हालांकि कुछ सांसद ऐसे भी थे जिनकी वित्तीय संपत्ति में भारी गिरावट दर्ज की गई।

67% की सबसे बड़ी गिरावट CPI (M) के पी. करुणाकरण की वित्तीय संपत्ति में दर्ज की गई। जबकि भाजपा के जगदम्बिका पाल की संपत्ति 64% घट गई। इसी तरह बीजद के अर्जुन चरण सेठी की 39% की गिरावट आयी. भाजपा के ओम प्रकाश यादव की संपत्ति में 27% की कमी आयी।

दी गई जानकारी के अनुसार इस दौरान भाजपा में डॉ. रामशंकर कठेरिया की संपत्ति 869% बढ़ी। जबकि शत्रुघ्न सिन्हा की संपत्ति में 778% का उछाल आया, जो वर्ष 2009 में लगभग 15 करोड़ रुपये थी, वह 2014 में बढ़कर 131 करोड़ रुपए हो गई। इसी तरह अर्जुन राम मेघवाल 608%, गया से हरि मांझी 592%, और वरुण गांधी की संपत्ति में 625% की वृद्धि हुई। एनसीपी की सुप्रिया सुले की संपत्ति 2009 में 51 करोड़ रुपए थी, जो 2014 में बढ़कर 113 करोड़ रुपए हो गई।

भाजपा सांसद वरुण गांधी इस सूचि में 10वें स्थान पर रहे। गांधी की संपत्ति 2009 में चार करोड़ रुपए थी जो 2014 में बढ़कर 35 करोड़ रुपए हो गई। भाजपा के 72 सांसदों की संपत्ति में 7.54 करोड़ रुपए की औसत बढ़ोतरी हुई। कांग्रेस के 28 सांसदों की संपत्ति में औसतन 6.35 करोड़ की बढ़ोतरी हुई। इसी तरह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की संपत्ति 2009 में दो करोड़ रुपए से बढ़कर 2014 में सात करोड़ हो गई।