Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उप्र के सिंचाई विभाग को मिले 544 नये इंजीनियर, योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र

 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग में शनिवार को 544 नये इंजीनियरों की आमद हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक समारोह के दौरान इन इंजीनियरों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया।

लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इन सभी 544 सहायक अभियंताओं (इंजीनियर) की नियुक्ति पूरी पारदर्शिता के साथ की गयी है। उन्होंने अभियंताओं से कहा कि वे भी पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करें। तैनाती में भी सिफारिश का सहारा न लें। जहां काम मिले, वहीं पूरी तल्लीनता के साथ जुट जाना है।

योगी ने सभी नवनियुक्त अभियंताओं को शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा कि आप सभी ने डिग्री के साथ सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त किया है, अब इसका व्यावहारिक प्रयोग कर जनकल्याण के लिए बड़ी योजनाओं को बनाकर काम करना होगा।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना भी साधा। कहा कि पिछली सरकारों की नीयत ठीक नहीं थी। इसलिए विभाग की योजनाएं और नियुक्तियां लटकी रहीं। सिंचाई विभाग के वाण सागर परियोजना की चर्चा करते हुए योगी ने कहा कि पिछली सरकारों की अकर्मण्यता के चलते ही यह परियोजना 40 साल तक लटकी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के एजेंडे में किसान थे ही नहीं। योगी ने इस दौरान सिंचाई विभाग की कई परियोजनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियों की विस्तृत चर्चा की।

कार्यक्रम को प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। विभाग के राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने धन्यवाद ज्ञापन किया। पूर्व में सिंचाई विभाग के पुमुख सचिव टी. वेंकटेश ने कार्यक्रम की रुपरेखा पर प्रकाश डाला। वहीं प्रमुख अभियंता व विभागाध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव ने प्रोजेक्टर के माध्यम से पदस्थापना प्रक्रिया का प्रस्तुतीकरण दिया।