लखनऊ। नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन करने वाले 25 आरोपितों को उत्तर प्रदेश के कई जिलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक कानून एवं व्यवस्था के मुताबिक यह सभी व्यक्ति पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े हुए हैं।
आईजी लॉ एण्ड आर्डर प्रवीण कुमार ने बताया कि नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदेश की राजधानी लखनऊ, अलीगढ़, मऊ, कानपुर, फिरोजाबाद समेत कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुए। इसमें कई लोगों की जाने गई और सैकड़ों की संख्या में घायल हुये। पुलिस हिंसक प्रदर्शन करने वालों को चिन्हित करके गिरफ्तार कर रही है। आईजी ने बताया कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) से जुड़े 25 व्यक्तियों को विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश सरकार में मंत्री मोहिसन रजा ने कहा कि ’स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) से जुड़े लोगों ने इस संगठन पर प्रतिबंध के बाद नया संगठन पीएफआई बना लिया। वे युवाओं को कट्टरपंथी बनाना चाहते है और उन्हें आतंकवाद के रास्ते धकेलना चाहते हैं।