Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हिमाचल प्रदेश : किन्नौर में भूस्खलन से 9 पर्यटकों की मौत, करोड़ों का पु​ल टूटा

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश कहर बरपा रही है। आज जनजातीय जिला किन्नौर के सांगला इलाके में भूस्खलन के दौरान पर्यटकों का एक वाहन बड़े बड़े बोल्डरों की चपेट में आ गया। इस हादसे में वाहन सवार नौ पर्यटकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।

हादसा रविवार दोपहर सांगला से आठ किलोमीटर दूर बटसेरी में हुआ। बताया गया कि टैंपो ट्रैवलर में सवार एक दर्जन के करीब पर्यटक छितकुल से सांगला की तरफ जा रहे थे। उसी समय ऊंची पहाड़ी से अचानक बड़े बड़े बोल्डर गिरने लगे। इन्हीं बोल्डरों की चपेट में टैंपो ट्रैवलर वाहन आ गया। वाहन सवार पर्यटकों में से नौ पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। बड़े बड़े बोल्डरों से वहां खड़े कई अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन बड़े बोल्डरों से बास्पा नदी पर बना एक पुल भी ध्वस्त हो गया है। इस पुल के ध्वस्त होने से नदी पार कई क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है।

भूस्खलन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई हैं। घटनास्थल पर रेस्कयू आपरेशन चल रहा है। हालांकि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से रेस्कयू आपरेशन में भी बाधा आ रही है। किन्नौर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि भूस्खलन के कारण कई पर्यटकों की मौत हुई है। इनकी शिनाख्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। यह सभी पर्यटक बाहरी राज्यों से हिमाचल घूमने आए थे।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में मानसून सीजन में वर्षा जनित विभिन्न घटनाओं में अब तक 175 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले दिनों कांगड़ा जिला के शाहपुर में भूस्खलन से कई लोगों की जान गई थी। राज्य सरकार लगातार एडवाइजरी जारी कर सैलानियों को भूस्खलन संभावित जिलों में न जाने की हिदायत दे रही है। स्थानीय मौसम विभाग ने अगले चार दिन प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। इसे लेकर 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.