Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हनुमान पद यात्रा में उमड़ा भक्तों का विशाल जन समुदाय

देव  श्रीवास्तव|
खमरिया खीरी

ईसानगर क्षेत्र में आज बड़े मंगल पर श्रीहनुमान पद यात्रा में बजरंबली के भक्तों का विशाल जन समुदाय उमड़ा। यात्रा के दौरान सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ समेत धार्मिक आयोजनों की धूम रही। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक बालाप्रसाद अवस्थी व पूर्व ब्लाकप्रमुख राजीव अवस्थी मौजूद रहे।

सिद्धेश्वरनाथ मंदिर से निकली यात्रा

क्षेत्र के सिद्धेश्वर नाथ मंदिर से कीर्तनमयी पदयात्रा ईसानगर से सात किलोमीटर दूर सेमरिया स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर पर समाप्त हुई। पदयात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पदयात्रा में आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। मंगलवार की सुबह सात बजे सिद्धेश्वर नाथ मंदिर के परिसर में हजारों का जनसमूह पदयात्रा में शामिल होने के लिए उमड़ पड़ा। हाथों में ध्वज और निशान लेकर इस पदयात्रा में शामिल लोगों ने बजरंग बली के जयकारे लगाते हुए सेमरिया के हनुमान मंदिर के लिए प्रस्थान किया। भजन-कीर्तन गाते हुए लोग एक ही दिशा में बढ़े चले जा रहे थे। भजन कीर्तन और बजरंग बली के जयकारों से पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो उठा। शोभायात्रा में शामिल लोग भजनों की ध्वनि पर नाच रहे थे। पदयात्रा में बजरंगबली, श्रीराम दरबार और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां भी शामिल थीं। राधा-कृष्ण का रूप धरे एक जोड़ा शोभायात्रा में आगे-आगे मनमोहक रूप से वंशी बजाते और नृत्य करते चल रहा था। यह जोड़ा आकर्षण का केंद्र रहा। तमाम महिलाएं पीले वस्त्रों में अलग ही छटा बिखेर रहीं थी। पदयात्रा के दौरान रास्ते में श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था की थी। ईसानगर, बाईपास, चहलार, सेमरिया मोड़ सहित कई जगह शरबत और पानी के स्टाल लगाए गए थे। पदयात्रा में शामिल लोगों में इतना उत्साह था कि सात किलोमीटर की इस लंबी पदयात्रा में किसी को थकान तक का अहसास नहीं हुआ। उनमें भक्ति का एक अनोखा जोश दिखाई पड़ रहा था।

लगा रहा भक्तों का तांता

पदयात्रा हनुमान मंदिर पहुंचने पर रामभक्त हनुमान के दर्शनों का तांता लग गया। लोगों ने पंक्तिबद्ध होकर बालाजी महाराज के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाया। श्रद्धालुओं की वापसी के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली की व्यवस्था की गई थी। इस पदयात्रा की करीब एक माह पहले से तैयारी चल रही थी। इसके लिए पूरे ईसानगर को हनुमान जी के चित्रों और तोरणद्वारों से सजाया गया था। इस मौके पर सिद्धेश्वर नाथ संर्कीतन मंडल द्वारा यात्रा के दौरान सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ समेत धार्मिक आयोजन किए गए। , क्षेत्रीय विधायक बाला प्रसाद अवस्थी व मंडल अध्यक्ष कफारा दुर्गेश नंदन राजीव अवस्थी श्रीकांत मिश्र,  रामकिशोर मिश्र  जय शंकर मिश्र विमल शुक्ला सोबरन तिवारी नवीन मिश्र संतोष गुप्ता, प्रमोद गुप्ता,आशुतोष मिश्रा सहित प्रभारी निरीक्षक आलोकमणि त्रिपाठी ने अपने स्टाफ समेत मौजूद रहे ।