Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

इस बार नगर निकाय चुनाव में बसपा भी आजमाएंगी अपना दांव

लखीमपुर-खीरी। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी वादे किए थे आज तीन साल बीत जाने के बाद भी उनमें से कोई वादे पूरे नहीं हुए। महंगाई और टैक्स की मार बढ़ती जा रही है। बेरोजगारी का दंश लोग अलग झेल रहे थे। नोटबंदी और जीएसटी ने उद्योग धंधे चौपट कर दिए हैं। जनता इतनी परेशान हो गई है कि वह अब हर मोर्चे पर इस धोखेबाज सरकार को सबक सिखाएगी। यह बात बसपा के पूर्व एमएलसी एवं राष्ट्रीय महासचिव आरएस कुशवाहा ने स्थानीय एक गेस्ट हाउस में नगर पालिका लखीमपुर के लिए पार्टी समर्थित प्रत्याशी की घोषणा के दौरान कही।
अपने सम्बोधन में आरएस कुशवाहा ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव से पूर्व अपने भाषणों में नरेंद्र मोदी ने कई वादे किए थे। जिसमें एक वादा था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वह विदेशों में जमा कालाधन वापस लाएंग और उस धन को 15-15 लाख रुपए के हिसाब से सभी गरीबों के खाते में डालेंगे। इसके अलावा महंगाई पर लगाम लगाई जाएगी। पेट्रोल-डीजल की कीमतें अंर्तराष्ट्रीय बाजार के मुताबिक निर्धारित होंगी। मगर सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी साहब अपने एक भी वादे पर खरा नहीं उतरे। उल्टे उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद अलग से कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने अचानक एक रात नोटबंदी की घोषणा कर दी। जनता को लाइन में लगवा दिया गया। इसे कालाधन जमा करने की एक रणनीति बताई। इस नोटबंदी ने आम जनता व व्यापारियों की कमर तोड़ कर रख दी। देश का व्यापार चौपट हो गया है। रोजगार देने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। पेट्रोल डीजल की कीमतों में हर महीने बढ़ौत्तरी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्तासीन होने के बाद भाजपा सरकार में अपराधों में बढ़ौत्तरी हो गई है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। जनता पूरी तरह से भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार से विश्वास खो चुकी है। आने वाले नगर पालिका चुनाव में जनता भाजपा को असलियत दिखायेगी। आखिर में उन्होंने नगर पालिका परिषद लखीमपुर के लिए पार्टी समर्थित प्रत्याशी की घोषणा की। उन्होंने मोहन बाजपेई की पत्नी रमा मोहन बाजपेई को बसपा का उम्मीदवार बताया। इस दौरान पूर्व विधायक माया प्रसाद, जिलाध्यक्ष राम कुमार चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर गौतम, शशिधर मिश्र नामे महराज, अशोक कनौजिया , प्रदीप गौतम व रवी चौधरी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
बाक्स

लखीमपुर-खीरी। रमा मोहन बाजपेई को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद बसपा नेता मोहन बाजपेई ने बसपा मुखिया मायावती को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में आरएस कुशवाहा व उमाशंकर गौतम ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी तब से वह पार्टी के प्रति समर्पित होकर कार्य करते रहे हैं। उनके इसी समर्पण का फल बसपा मुखिया ने आज उनकी पत्नी को पालिका परिषद का उम्मीदवार बनाकर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी यदि पालिका अध्यक्ष बनती हैं तो शहर का अद्वितीय विकास होगा। नगर के क्लीन सिटी बनने का सपना साकार होगा।