Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

श्रीलंका: तमिल बहुल मन्नार शहर में मिले 230 से ज्यादा नरकंकाल, मचा हडकंप..

श्रीलंका के तमिल बहुल मन्नार शहर में एक निर्माण कार्य के दौरान मिली कब्र से  230 से ज्यादा नरकंकाल  मिलने से हडकंप मच गया। श्रीलंका में यह सबसे बड़ी सामूहिक कब्र बताई जा रही है।

यह कब्र शहर के मुख्य बस अड्डे के पास गत अगस्त में उस समय मिली थी जब एक नई इमारत के निर्माण के लिए मजदूर खोदाई कर रहे थे। इस दौरान वहां कई मानव अवशेष मिले थे। इसके बाद कोर्ट ने निर्माण स्थल पर व्यापक खोदाई करने का आदेश दिया था।

नहीं पता लगा किसके हैं ये नर कंकाल

 यह साफ नहीं हो पाया है कि ये नरकंकाल किन लोगों के हैं और उनकी मौत कैसे हुई थी? खोदाई कार्य का नेतृत्व कर रहे केलानिया यूनिवर्सिटी के फोरेंसिक पुरातत्वविद राज सोमदेव ने कहा, “हम अब तक 230 से ज्यादा कंकाल निकाल चुके हैं। इस कब्र से मानव अवशेष के अलावा चीनी मिट्टी के बर्तन, धातु के सामान और कंकालों से कुछ आभूषण भी मिले हैं।”

मन्नार में तमिलों की बड़ी आबादी रहती है। इस समुदाय के नेताओं का कहना है कि श्रीलंकाई सुरक्षा बलों और लिट्टे के बीच दशकों तक चले संघर्ष के दौरान क्षेत्र के सैकड़ों लोग लापता हो गए थे। गृहयुद्ध के दौरान यह इलाका सेना के नियंत्रण में था और बाहरी इलाकों में लिट्टे का दबदबा था।