सामूहिक दुष्कर्म की पीड़ित 18 वर्षीय मॉडल गहरे सदमे में चली गई है। पुलिस ने मॉडल की काउसलिंग कराई है। वारदात के बाद पीड़िता ज्यादा लोगों से बात नहीं कर पा रही है।
बताया जाता है कि आरोपियों ने विरोध करने पर पीड़िता के साथ काफी मारपीट भी की है। उसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी करीब 15 दिन पहले मुख्य आरोपी सतीश से जामिया नगर इलाके में मुलाकात हुई थी।
सतीश अपनी कार में बैठा हुआ था और वह उसे घूरे जा रहा था। जब मॉडल ने विरोध किया तो आरोपी ने कहा था कि वह फिल्मों की हीरोइन लग रही है और उसे फिल्मों में रोल दिला देगा। सतीश ने पत्नी को छोड़ दिया है। उसने कई फ्लैट किराये पर दे रखें हैं।
आरोपी ने पीड़िता से कहा था कि एक बड़ा फिल्म डायरेक्टर उसका जानकार है और वह बॉलीबुड में फिल्म दिला देगा। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के नंबर ले लिए और आपस में बात करने लगे।
बात करने के दौरान दोनों की दोस्ती हो गई थी। दोस्ती में ही सतीश ने वसंतकुंज मॉल घुमाने बुलाया था। आरोपी ने शराब का एक पैग दोस्ती का हवाला देकर पीड़िता को रास्ते में कार में ही पिला दिया था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित मॉडल दर्जनों भोजपुरी संगीत एल्बम व भजनों की एल्बम में काम कर चुकी है। भजनों की एल्बम हाल ही में जारी हुई थी। कई एल्बम में उसने डांस भी किया है।
वह बॉलीबुड फिल्मों में काम करने की इच्छा रखती थी। इस कारण उसकी सतीश से दोस्ती बढ़ती चली गई थी। आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में रख लिया था।