Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बीजेपी के 304 प्रत्याशियों की लिस्ट में एक भी मुस्लिम को टिकट नही!

165830130लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में धमाकेदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतर रही भारतीय जनता पार्टी ने अब तक 403 में से 304 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इन 304 प्रत्याशियों में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार का नाम नहीं है। बड़े नेताओं के परिवार के लोग सूची में जगह पाने में सफल रहे हैं। रविवार को जारी दूसरी सूची में 155 में से 15 प्रत्याशी नेताओं के सगे या फिर उनके रिश्तेदार हैं।

बीजेपी के 304 प्रत्याशियों की लिस्ट में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं

भारतीय जनता पार्टी में पहले के बाद रविवार को जो दूसरी सूची जारी की है, उसमें भी किसी अल्पसंख्यक का नाम नहीं है। एक भी मुस्लिम प्रत्याशी दो सूची में जगह नहीं बना सके हैं। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को एक बड़ी चुनौती के रूप में ले रही है। देश के अन्य राजनीतिक दल भी उत्तर प्रदेश के चुनाव को अब भारतीय जनता पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती मान रहे हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बिना मुख्यमंत्री के चेहरे के मैदान में उतरने का बड़ा जोखिम लिया है। यहां भी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही है।

नेताओं के रिश्तेदार हावी

भारतीय जनता पार्टी ने कल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। पीएम नरेंद्र मोदी की अपील, ‘परिवार के लोगों के लिए टिकट नहीं मांगे’ को दरकिनार किया गया है। इस लिस्ट में उनकी यह अपील बेअसर नजर आई। इसमें भाजपा नेताओं के 15 रिश्तेदारों और बाहरी लोगों को तवज्जो दी गई है। 94 नए चेहरे हैं। दूसरी पार्टी से आए 30 लोगों को टिकट दिया गया है। इस बार की लिस्ट में 52 फीसदी सवर्णों को टिकट दिया गया है।

पार्टी प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह को इलाहाबाद पश्चिम क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह को नोएडा से टिकट दिया गया है। इनको पार्टी की विधायक विमला बॉथम का टिकट काटकर प्रत्याशी बनाया गया है। इसी तरह से राजनाथ सिंह को लखनऊ के सासंद लालजी टंडन का टिकट काटकर प्रत्याशी बनाया गया था।

राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की बहू और पोते को भी टिकट दिया गया। कल्याण सिंह के पोते ने तो पहली सूची में नाम आने के बाद अपना नामांकन भी कर दिया है। गोंडा से सांसद ब्रजभूषण सिंह के बेटे प्रतीक भूषण को टिकट दिया गया है।। भाजपा सांसद हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को कैराना से टिकट मिला है। बढ़ापुर से सांसद सर्वेश सिंह के बेटे सुशांत सिंह, मोहनलालगंज से सांसद कौशल किशोर की पत्नी जयदेवी मलिहाबाद से टिकट दिया गया है।

दलबदलुओं की भी बल्ले-बल्ले

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं रीता बहुगुणा जोशी को लखनऊ कैंट से टिकट दिया गया है। ऊंचाहार से स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कर्ष को टिकट दिया गया है। इस बार स्वामी प्रसाद मौर्य को टिकट नहीं मिला है। अमेठी से कांग्रेस नेता संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह को टिकट मिला है। बसपा से आए ब्रजेश पाठक को लखनऊ मध्य से टिकट दिया गया है। इलाहाबाद उत्तर से सपा नेता रंजना वाजपेई के बेटे हर्ष वाजपेई को कैंडिडेट बनाया गया है। साहसवान से बसपा के पूर्व एमएलसी डीपी यादव के बेटे जितेंद्र यादव को मैदान में उतारा गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने इससे पहले 16 जनवरी को अपनी पहली सूची में 149 उम्मीदवारों का नाम घोषित किया था। इनमें पहले तथा दूसरे चरण के चुनाव के प्रत्याशी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.