लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनावों में कई जगह हुई हिंसा, तोड़फोड़ और फायरिंग को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने पुलिस—प्रशासन की मदद से क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीता है। पार्टी ने लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में जितनी गुंडागर्दी हुई उतनी किसी चुनाव में नहीं हुई। उप्र सरकार की इस हरकत पर प्रधानमंत्री भी बधाई दे रहे हैं जो शर्मनाक है। सपा ने ब्लॉक प्रमुख चुनाव में अपने 100 से ज्यादा उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हिंसा को भाजपा का मास्टरस्ट्रोक बताते हुए तंज कसा है।
ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सत्तारूढ़ दल 825 में से 648 सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल हुआ है। इनमें 334 सीटों पर पहले ही उसके उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। इस तरह अब क्षेत्र पंचायतें भी भगवामय हो गई हैं।