Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

थावरचंद गहलोत कर्नाटक के राज्यपाल बनाए गए, बंडारू दत्तात्रेय का हरियाणा तबादला

-राष्ट्रपति ने 8 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और स्थानांतरण को दी मंजूरी

नई दिल्ली। कैबिनेट में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने मंगलवार को 8 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और स्थानांतरण को मंजूरी दे दी।

इसमें मिजोरम, गोवा, हरियाणा, त्रिपुरा, झारखंड, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है जबकि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का तबादला हरियाणा किया गया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार ये नियुक्तियां उनके संबंधित कार्यालयों का कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होंगी।

कर्नाटक, मिजोरम, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में चार नए राज्यपाल नियुक्त किये गये हैं। इनमें नरेन्द्र मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थावरचंद गहलोत को कर्नाटक, डॉ. हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम, राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल प्रदेश और मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

गोवा, हरियाणा, त्रिपुरा और झारखंड़ में चार राज्यपालों को स्थानांतरित किया गया है। इनमें मिजोरम के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई का तबादला कर उन्हें गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का तबादला कर उन्हें हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को स्थानांतरित कर त्रिपुरा के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैंस को स्थानांतरित कर झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.