Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

जहां बैठकर हक मांगती रही, वहीं मां के शव के साथ बैठे बच्चे

widow_women_murder_sagar_20161221_103610_21_12_2016जैसीनगर में सोमवार को हुई महिला किसान शारदा सिंह की हत्या के बाद मंगलवार को उसके मायके वालों ने पीली कोठी दरगाह के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। शव उसी स्थान पर रखा गया था जहां विधवा किसान ने अपना हक हासिल करने के लिए बच्चों सहित कई बार धरना दिया था। बिलखते बच्चे और उन्हें चुप कराते परिजन..जिसने भी यह दृश्य देखा, आंखें भर आईं।

वहां से गुजर रहा हर राहगीर एक बार वहां जरूर रुका। शारदा सिंह की सोमवार को कुएं से फसल की सिंचाई को लेकर आरोपी जेठ दरयाब सिंह और जेठानी ने सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी थी। इस घटना से उसके दो बच्चे प्रियांश और खुशी अनाथ हो गए। मौके पर पहुंचे प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने मृतका महिला के परिजनों को आरोपियों को गिरफ्तार करने व बच्चों को प्रतिकर राशि दिए जाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त करा दिया।

अधिकारियों ने पहुंचकर दिया आश्वासन

मायके पक्ष के लोग जिला अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम कराकर दोपहर 1 बजे गांव ले जाने के बजाए पीली कोठी दरगाह के सामने लेकर आए। वहां वाहन से शव उतारकर उसी स्थान पर रखा जहां चार माह पूर्व शारदा सिंह ने अपने बच्चों का हक पाने के लिए चार माह पहले धरना दिया था। सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, सीएसपी गौतम सोलंकी, सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के पिता राम सिंह, भाई ओम प्रकाश और रामजी से चर्चा की।

मायके पक्ष के लोगों की मांग थी कि हत्या के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा अनाथ हो चुके दोनों बच्चों को शासन द्वारा प्रतिकर राशि की घोषणा अधिकारी करें। इसके बाद ही शव को गांव ले जाएंगे। परिजन दोनों बच्चों को स्कूल से घटन स्थल पर लेकर आए, मां का शव देखकर दोनों बच्चे लिपटकर विलाप करने लगे। जैसे-तैसे परिजनों ने दोनों बच्चों को शांत कराया।

कलेक्ट्रेट का रास्ता बंद किया

परिजन शव को मंगलवार को कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई में ले जाना चाहते थे। इसकी जानकारी मिलते ही गोपालगंज पुलिस ने कलेक्ट्रेट रोड पर स्टॉपर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इससे प्रदर्शन स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों को हटाने के लिए पुलिस को स्थिति संभालना पड़ी।

समस्या का हल हिंसा नहीं

यह घटना दुखद है, किसी भी समस्या का हल हिंसा नहीं है। जन सुनवाई में यह मामला आया था, प्रशासन से कार्रवाई की थी। न्याय मिलने में समय लगता है। प्रशासन को दोनों पक्षों को सुनना पड़ता है। यदि इस मामले में प्रशासनिक अमले की चूक हुई है तो यह जांच का विषय है। महिला की हत्या के आरोपियों को गिरपतार करने के लिए एसपी ने स्पेशल टीम का गठन किया है। आरोपी की तलाश जारी है। – दिनेश श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर

प्रशासन की लापरवाही

मृतका शारदा सिंह के भाई ओम प्रकाश ठाकुर का कहना है मेरी बहन ससुराल वालों से हक मांगने के लिए तीन साल से संघर्ष कर रही थी। प्रशासन की लापरवाही से यह घटना हुई। उन्होंने हल्का नंबर के पटवारी राजकुमार पांडे पर खुलकर राजस्व रिकार्ड में एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया। मेरी मांग है बहन की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। दोनों बच्चों की पढ़ाई और भरण पोषण के लिए प्र्रतिकर राशि दी जाए।

आरोपियों की तलाश जारी

जैसीनगर थाना प्रभारी धनसिंह ने बताया घटना के बाद से आरोपियों की तलाश के लिए उनके घर व रिश्तेदारों के यहां दबिश दी जा रही है। सोमवार की देर रात आरोपी के एक भाई को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के ट्रैक्टर को थाने में रखवा लिया। एसपी ने स्पेशल टीम का गठन किया। आरोपियों की तलाश के लिए एसडीओपी बीके आर्य के नेतृत्व में जैसीनगर के साथ-साथ राहतगढ़ और सीहारा पुलिस चौकी के स्टाफ को लगाया गया है।

करंट से हुई थी पति की मौत

यह भी संयोग है कि तीन साल पहले खेत में कुएं के पास भगत सिंह की करंट लगने से मौत हुई थी। उसी स्थान पर सोमवार को शारदा सिंह की उसके जेठ व जेठानी ने हत्या कर दी। कुएं के पानी से फसल की सिंचाई को लेकर जेठानी निशा सिंह से शारदा का विवाद हो रहा था। बीच में निशा का पति दरयाब सिंह आया और छोटे भाई की पत्नी शारदा सिंह पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी।

विधायक ने कमिश्नर से की जांच की मांग

क्षेत्र की विधायक पारुल साहू ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने संभाग कमिश्नर मनोहर अगनानी को ज्ञापन देकर मृतका शारदा सिंह के राजस्व रिकॉर्ड में हल्का के पटवारी व अन्य कर्मचारियों पर हेराफेरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने 6 सितंबर को ज्ञापन दिया था। घटना से दुखी विधायक का कहना है कि इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने संभाग कमिश्नर से ज्ञापन पर कार्रवाई कर ब्यौरा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.