Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

आठ महीने में यूपी में बनाया निवेश का माहौल, 10 लाख युवाओं को मिलेगी नौकरी : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने महज आठ महीने में यूपी में निवेश का माहौल बनाया है। नई औद्योगिक नीति से प्रदेश में भारी निवेश आएगा। इससे उद्योगों के विकसित होने के साथ ही प्रदेश के दस लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा। सरकारी विभागों में भी चार लाख नौकरियां युवाओं का इंतजार कर रही हैं। सरकार ने भर्तियों में पारदर्शिता के लिए ग्रुप ग और घ की भर्तियों में साक्षात्कार समाप्त किए हैं।

मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार को कानपुर रोड की एलडीए कॉलोनी में लखनऊ नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप लखनऊ के विकास के लिए नगर निगम में पूर्ण बहुमत से भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया। योगी ने कहा कि उन्हें विरासत में बिगड़ी कानून-व्यवस्था, गुंडाराज और दंगाग्रस्त प्रदेश मिला था। व्यवस्थाएं सुधारने के लिए उन्हें कुछ कड़े कदम उठाने पड़े हैं।

सपा-बसपा ने नगरीय निकाय को नारकीय बनाया

योगी ने कहा कि बसपा और सपा के 15 साल के शासनकाल में नगरीय निकायों को नारकीय बना दिया दिया। नगर निकायों में पहले भी अध्यक्ष, महापौर भाजपा के थे लेकिन सपा व बसपा सरकारों ने उन्हें पंगु बना रखा था। प्रदेश की साढ़े चार करोड़ आबादी नगरीय क्षेत्रों में रहती है।
उन्हें बुनियादी सुविधाएं देने, निकायों को सक्षम व जवाबदेह बनाने के लिए भाजपा और सरकार निकाय चुनाव में जनता के बीच जा रही है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, प्रदेश मंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, मीडिया संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित भी उपस्थित थे।

सफाई कर्मचारियों को मिलेगा उचित मानदेय
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के मानदेय की समस्या का समाधान करेगी। उन्हें उचित मानदेय देने के लिए निकाय स्तर से ही भुगतान की व्यवस्था की जाएगी।

भाजपा ने बढ़ाया कार्यकर्ता का मान
महापौर पद की प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया ने कहा कि भाजपा ने उनके जैसी सामान्य कार्यकर्ता को टिकट देकर कार्यकर्ता का मान बढ़ाया है। लखनऊ में महापौर और पार्षद पदों पर भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए तो तेजी से विकास होगा।