Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अधिकारियों की लापरवाही के चलते आठ घंटे गुल रही बिजली

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी |
बृहस्पतिवार की सुबह से छाउछ पावर हाउस का एक फीडर बंद हो गया। इस कारण करीब आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। कारण था कि 11 हजार की लाइन पर एक पेड़ गिर गया था जिससे उसके तार टूट गए थे। सप्लाई बंद कर दी गई थी। इस मामले में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई। करीब आठ घंटे बाद महकमा सप्लाई सुचारू करवा पाया। 
  बुधवार की रात से खराब हुए मौसम ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी लाई वहीं शहर के लोग खासा परेशान हुए। कारण था कि इसी बारिश की वजह से 11 हजार की लाइन पर पेड़ गिर गया और बिजली बाधित हो गई। शिव कालोनी, कमलापुर, सरबतीदेवी कालोनी, कंचनपुरी कालोनी, राजगढ़, रामनगर, ईदगाह सहित आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे पेड़ 11 हजार की लाइन पर गिरा था। सप्लाई बंद हो गई थी। जिसकी सूचना बिजली विभाग के पास पहुंच गइ्र थी। इसके बावजूद सुबह बिजली विभाग के कर्मचारियों ने इसे दुरस्त करने की जहमत नहीं उठाई। करीब पांच घंटे बाद जब अधिकारियों के फोन की घंटियां घनघनाने लगीं तो अधिकारियों ने इस टूटी लाइन की सुध लेने की सोची। इसके बावजूद भी लाइन को ठीक होने में काफी टाइम लगा। आठ घंटे बाद करीब दो बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। आठ घंटे गुल रही बिजली के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जहां लोगों को पेयजल की समस्या हुई तो वहीं ठप विद्युत आपूर्ति के कारण गर्मी ने भी लोगों का जीना दुष्वार किया। मामले पर जब अधिशासी अभियंता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पेड़ गिरने से लाइन व पिलर टूट गया था। इसे बनाने में समय लगता है।