Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से कहा एक होकर गठबंधन को जीत दिलाए

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों को जिताने के लिए दिनरात एक कर दें। कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि अस्सी लोकसभा सीटों में से एक पर भी भाजपा को जीत ना मिल सके। समाजवादियों का बहुजन समाज पार्टी से किया गया गठबंधन देशहित में एक ऐतिहासिक निर्णय है जिसकी पहली प्राथमिकता भाजपा को सत्ता में आने से रोकना है। उन्होंने कहा कि सन् 2019 के लोकसभा चुनाव अलग तरह के है। इन चुनावों में देश का भविष्य दांव पर लगा है। देश, लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए यह वक्त जीजान से जुटने का है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता प्रतिष्ठान द्वारा संवैधानिक अधिकारों का दुरूपयोग, जनता से किए गए वायदों का पूरा न करना और जनविरोधी तथा विकास विरोधी नीतियों के कारण भाजपा को सत्ताच्चुत करना लोकतंत्र के हित में है। देश नया प्रधानमंत्री चाहता है। कहा कि पुलवामा की घटना की जांच होनी चाहिए। इसमें खुफियातंत्र की विफलता पर सरकार को जवाब देना होगा। 48 जवानों और फौजी अधिकारियों की शहादत का जवाब कौन देगा? भाजपा की केन्द्र में सरकार बनने के बाद 56 महीनों में 500 से ज्यादा जवान शहीद हुए। जनता ने भी मन बना लिया है कि भाजपा को इस बार फिर दिल्ली का रूख नही करने देंगे।

भाजपा के कुप्रचार पर रोक लगनी चाहिए। भाजपा अपने स्वार्थ में कोई भी खतरनाक कृत्य कर सकती है। लेकिन अब जनता जान गई है। वह भाजपा की गुमराह करने वाली चालों को अवश्य पराजित करेगी। समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन की विश्वसनीयता के आगे भाजपा-आरएसएस की फरेबी चालें कभी सफल नहीं होंगी।