Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

नन्हीं हथिनी दुर्गा पहुंची दुधवा नेशनल पार्क, वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर

देव श्रीवास्तव/लखीमपुर-खीरी।

दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में एक नन्हीं हथिनी के आगमन पर वन्यजीव प्रमियों में खुशी का माहौल है। नन्ही हथिनी का नाम दुर्गा रखा गया है। यह मंगलवार को दुधवा नेशनल पार्क पहुंची है। जिसकी जानकारी डीडी दुधवा द्वारा मीडिया को दी गई है।

डीडी महावीर कौंजलगी ने बताया कि दुर्गा बिजनौर जिले के अंतर्गत नजीबाबाद वन प्रभाग में नन्हीं हथिनी झुंड से बिछड़ गई थी। जिसके बाद स्थानीय डॉक्टरों द्वारा कुछ दिनों के इलाज के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक रक्षक, वन्य जीव, उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुसार दुर्गा को दुधवा टाइगर रिजर्व भेजा गया है। डीडी ने बताया कि दुर्गा को देश के अनुभवी व विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की सलाह पर स्थानीय दुधवा के डॉक्टरों द्वारा 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।

उन्होंने दुर्गा की उम्र लगभग 6 माह बताई है। बहरहाल दुधवा में नवरात्रि के अवसर पर दुर्गा के आने से वन्य प्रेमियों में खुशी का माहौल है। आने वाले समय में नन्हीं हथिनी को हाथियों के झुंड के साथ मिलाने के प्रयास भी किए जाएंगे। जिससे वह अकेली न रहकर अन्य साथियों के साथ दुधवा की शान को बढ़ा सके। इस नन्ही हथिनी के दुधवा में आने से दुधवा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की पूरी संभावना है। जिसे देखते हुए दुधवा प्रशासन हथिनी के स्वास्थ्य संबंधी सभी दायित्वों का निर्वाहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहा है।