Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

नेताओं का मजाक उड़ाने पर मीडिया के खिलाफ कानून लाने की जरूरत : कुमारस्वामी

बैंगलोर। कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी इन दिनों मीडिया से खासे नाराज चल रहे हैं, उनका कहना है कि मीडिया की वजह से नेताओं की अहमियत काफी कम हो गई है और उनका कॉमेडी शो में भी मजाक उड़ाया जाता है। उन्होंने इस आरोप के साथ ही यह भी कहा है कि नेताओं पर इस तरह के मजाक को कम करने के लिए कानून लाने की भी जरूरत है।

मैसूर में कुमारस्वामी ने कहा है कि ‘नेताओं के बारे में आप क्या सोचते हैं? आपको क्या लगता है, बड़ी आसानी से आप हमारा मजाक उड़ा सकते हैं? आपको किसने यह अधिकार दिया है कि आप हमारा मजाक उड़ा सकते हैं। आपको क्या लगता है कि क्या हम बेरोजगार हैं? क्या हम कार्टून कैरेक्टर की तरह लगते हैं?’ उन्होंने मीडिया पर यह आरोप लगाने के साथ इस बात पर भी नाराजगी जताई है कि मीडिया बार-बार उनकी सरकार गिराने की बात कर रही है।

कुमारस्वामी ने कहा है कि ‘हमारी सरकार 23 मई को लोकसभा चुनाव नतीजे आने के बाद गिरने वाली नहीं है। हम लोगों ने मीडिया क दम पर सरकार नहीं बनाई है। बल्कि साढ़े छह करोड़ लोगों ने हमें सत्ता दी है।’ कहा जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत के साथ ही कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी।

पहले ही यहां पर भाजपा और सत्तारूढ़ गंठबंधन सरकार के बीच खींचातान चल रही है। वहीं अब कुमारस्वामी ने इन सभी बातों का खंडन करते हुए मीडिया पर जमकर गुस्सा निकाला है। कुमारस्वामी का कहना है कि मीडिया की नजरों में नेताओं की इमेज एक कार्टून कैरेक्टर की तरह हो गई है।