Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पतंगों के मांझे से परिंदों की मौत पर प्राणि उद्यान में चलेगा जागरूकता अभियान

 

लखनऊ। राजधानी के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में गणतंत्र दिवस के मौके पर रविवार को पतंगों के मांझे से पक्षियों के घायल होने और मौत को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जायेगा, जिससे मानव गल्तियों के कारण बेजुबान पक्षियों की जान पर संकट न आए।

विगत दो महीनों से खासतौर से आसमान में उड़ने वाली पतंगों के मांझे से भारी संख्या में पक्षी घायल हो रहे हैं। इनमें दुर्लभ प्रजाति के पक्षी भी शामिल हैं। पिछले माह में चार गिद्ध, कई दुर्लभ उल्लू एवं पेन्टेड स्टार्क पक्षियों के पंख चाइनीज मांझे से कटे हुए पाये गये। इसमें कई पक्षियों की मृत्यु तक हो जाती है। इस स्थिति को देखते हुए प्राणि उद्यान के अन्दर 26 जनवरी को शान फाउण्डेशन के सचिव आदित्य तिवारी एवं उनकी टीम जागरूकता अभियान चलायेगी।

प्राणि उद्यान के उप निदेशक डॉ. उत्कर्ष शुक्ला के कर्मचारियों द्वारा प्राणि उद्यान के अन्दर पेड़ों से मांझा लगातार हटाया जा रहा है, जिससे पक्षियों को घायल होने से बचाया जा सके। पतंगों का मांझा पेड़ों पर एक जाल की तरह उलझ जाता है। इन मांझों में आए दिन पक्षी फंसते हैं और तड़पकर फड़फड़ाते रहते हैं। ऐसे ही उनकी जान तक चली जाती है।

मांझे से कटने के कारण पक्षियों के शरीर से खून उस समय तक बहता रहता है जब तक उन्हें इलाज न मिल जाए। उनके पंख कट जाते हैं। कई बार पंख नहीं होने के कारण प​रिंदे उड़ नहीं पाते हैं। इस स्थिति में कुछ समय बाद उनकी मौत हो जाती है। उनकी मौत का आंकड़ा न तो सरकार के पास होता है और न ही किसी अस्पताल के पास। इस स्थिति को देखकर पर्यावरण प्रेमी परेशान हैं। वह लोगों से जागरूकता की अपील कर रहे हैं। प्राणि उद्यान में अभी तक लगभग 100 मीटर मांझा हटाया जा चुका है और यह कार्य कर्मचारियों द्वारा लगातार किया जा रहा है।