Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

योगी ने कैबिनेट विस्तार कर साधा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जातीय समीकरण

 

 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपनी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया। इस विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार नेताओं को मंत्री बनाया गया है। जबकि राज्य मंत्री सुरेश राणा को पदोन्नत करके कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

कपिलदेव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर शहर के विधायक कपिलदेव अग्रवाल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। गांधीनगर में रहने वाले कपिलदेव अग्रवाल ने अपने करियर की शुरूआत पत्रकारिता से की थी। किशोर अवस्था में ही आरएसएस से जुड़ने वाले कपिलदेव अग्रवाल 2006 से 2011 तक नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वर्ष 2016 में अखिलेश यादव सरकार के मंत्री चितरंजन स्वरूप के निधन के बाद हुए उप चुनाव में मुजफ्फरनगर शहर सीट पर भाजपा के टिकट पर कपिल देव ने बाजी मारी। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनावों में भी फिर से विधायक बनने में कामयाब रहे। प्रत्येक मौके पर पहुंचने वाले कपिल देव की छवि जनता के बीच बहुत अच्छी है।

विजय कश्यप

मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से विधायक विजय कश्यप को राज्य मंत्री बनाया गया है। मूलतः संघ कैडर के विजय कश्यप सहारनपुर के जिला बौद्धिक प्रमुख रहे। सहारनपुर जनपद के नानौता के रहने वाले विजय कश्यप का अपनी बिरादरी में खासा जनाधार है। पहली बार 2007 में चरथावल से चुनाव लड़े, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। 2017 के विधानसभा चुनाव में वह चरथावल सीट से विधायक निर्वाचित हुए। विजय कश्यप् भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य रह चुके हैं।

अनिल शर्मा

भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से विधायक बनें अनिल शर्मा मूल रूप से सुरजावली गांव के निवासी है। वर्ष 1989 में ग्राम प्रधानी का चुनाव जीतकर अनिल शर्मा ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। अनिल शर्मा ने बसपा से वर्ष 2002 में खुर्जा विधानसभा से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए। 2007 में भी बसपा से खुर्जा से चुनाव लड़ कर अनिल शर्मा दूसरी बार विधायक बने। वर्ष 2012 के विधानसभा से पहले परिसीमन हुआ तो खुर्जा सुरक्षित सीट हो गई। इसके बाद इन्होंने शिकारपुर को अपना राजनीतिक क्षेत्र बनाया और भाजपा का दामन थाम लिया। वर्ष 2017 में शिकारपुर सीट पर बसपा प्रत्याशी मुकुल शर्मा को 51 हजार वोटों से हराकर चुनाव जीता।

अशोक कटारिया

गुर्जर बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले अशोक कटारिया मूलतः संघ कैडर के है। वह वर्ष 1990 में अखिल विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए थे। उन्होंने 1993 में रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली से अर्थशास्त्र व समाज शास्त्र में स्नातक किया। संगठन में कार्यकुशलता के चलते वह 1994 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री मुरादाबाद रहे। 1996 में संगठन मंत्री मुरादाबाद का दायित्वच संभाला। 1997 से 2000 तक विभाग संगठन मंत्री बरेली रहते हुए राजनीतिशास्त्र में स्नातकोत्तर किया। वर्ष 2001 में अशोक कटारिया भाजपा के प्रदेश मंत्री चुने गए। इसके बाद उन्हें भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। 2013 में अशोक कटारिया को भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष और 2016 में प्रदेश महामंत्री बने। इसके बाद भाजपा ने उन्हें विधान परिषद में भेजा। वह योगी मंत्रिमंडल के अकेले गुर्जर मंत्री है।