Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पति के बगल में सोयी महिला की गोली मारकर हत्या

 

 

बलिया। बलिया के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में शनिवार देर रात घर में घुसकर गोली मारकर महिला की हत्या कर दी गई। घटना के वक्त महिला के बगल में ही उसका पति सोया था। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ जांच टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

ताहिरपुर में सविता (40) और उसके पति जनार्दन राजभर रात में खाना खाकर सोने चले गए। अचानक देर रात किसी ने महिला को गोली मार दी। बगल में सो रहे उसके पति तक को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। मृतक महिला की तीन लड़कियां व एक लड़का है। सुबह होते ही घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र में इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि पति जनार्दन राजभर को मिर्गी की बीमारी है और वह दवा खाकर सोया हुआ था। जब पत्नी को गोली लग गई और वह जोर से चिल्लाने लगी तब वह जगा। पत्नी की हालत देखकर वह घबरा गया और शोर मचाने लगा। फिर अगल-बगल के लोग आए और महिला को अस्पताल ले जाने की तैयारी में लग गये। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान महिला की मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताता कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारे को शीघ्र ही गिरफ्त में ले लिया जाएगा।