Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

क्या नीतीश कुमार विपक्ष की ओर से 2024 लोकसभा चुनाव में पीएम उम्मीदवार होंगे

बीजेपी का साथ छोड़ने के बाद विपक्षी नेताओं में उनकी चर्चा सबसे अधिक होने लगी है। मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा जोर पकड़ने लगी कि क्या नीतीश कुमार विपक्ष की ओर से 2024 लोकसभा चुनाव में पीएम उम्मीदवार होंगे। चर्चाओं के इस दौर के बीच सवाल यह है कि क्या यह इतना भी आसान है? कांग्रेस अभी इस मुद्दे पर चुप है। नीतीश की बात करें तो 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने कहा था कि बिहार से बाहर एनडीए से उनका कोई रिश्ता नहीं है। तब प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनको धन्यवाद कहा था। हालांकि अब ममता ने भी चुप्पी ठान रखी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव समेत विपक्ष के दूसरे बड़े नेताओं ने भी नीतीश की पीएम उम्मीदवारी पर अब तक कुछ नहीं कहा। इन परिस्थितियों में इतना तो तय है कि 2024 में पीएम मोदी के सामने विपक्ष का चेहरा कौन होगा, यह सिर्फ बिहार से तो तय नहीं हो सकता। हां, इतना जरूर है कि आम चुनाव से पहले कई राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव हैं। संभव है उनके नतीजे बहुत हद तक स्थिति स्पष्ट कर देंगे।


नीतीश कुमार के नाम पर फिलहाल कांग्रेस चुप है और उसका कहना है कि फोकस अभी बिहार है। कांग्रेस नेता नीतीश कुमार का स्वागत तो कर रहे हैं लेकिन 2024 को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। नीतीश कुमार को पीएम चेहरा बनाने को लेकर कांग्रेस का रुख अभी स्पष्ट नहीं है। उसके पीछे कारण भी स्पष्ट है। विपक्ष की ओर से अगुवाई कांग्रेस की ओर से होगी फिलहाल यह बात कही जा रही है। वहीं ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, शरद पवार, केसीआर भी इस रेस में हैं। 2024 से पहले कई राज्यों में चुनाव है और कांग्रेस की नजर इस पर है। देश में इस साल दो राज्य गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव साल के अंत में होंगे। इन दोनों ही राज्यों में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में है। गुजरात चुनाव के नतीजे क्या आते हैं इस पर सबकी नजर है। वहीं इसके बाद अगले साल यानी 2023 में 9 राज्यों में चुनाव है। इनमें कई बड़े राज्य हैं। जिन राज्यों में अगले साल चुनाव है उसमें मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक, मेघालय, त्रिपुरा,नगालैंड और मिजोरम में चुनाव है। इनमें दो राज्य ऐसे हैं जहां कांग्रेस की फिलहाल सरकार है वो है राजस्थान और छत्तीसगढ़। साथ ही मध्यप्रदेश और कर्नाटक वो राज्य है जहां विपक्ष में रहते हुए उसकी स्थिति मजबूत है। ऐसे में इन 11 राज्यों का चुनाव और उसके नतीजे से बहुत कुछ उससे तय होगा। लोकसभा चुनाव के लिए जनता का मूड क्या होगा इससे ही पता चलेगा। कांग्रेस शायद ही इन चुनाव नतीजों के पहले कोई फैसला करे। इन चुनावों में यदि कांग्रेस के हक में फैसला आता है तो फिर दूसरे विपक्षी नेताओं की राह मुश्किल होगी।