Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पत्नी ने शराबी पति को बेल्ट से पीटकर मार डाला, गिरफ्तार

 

नई दिल्ली। नरेला इलाके में शनिवार रात पारिवारिक झगड़े में एक महिला ने अपने पति की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वह शराब पीने का आदी था और इस बात को लेकर दंपति का अक्सर झगड़ा होता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से खून लगे कपड़े और बेल्ट बरामद कर ली है। पुलिस महिला से पूछताछ कर जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नरेला निवासी जावेद (35) और गिरफ्तार आरोपित महिला की पहचान सलमा के रूप में हुई है। सलमा दिल्ली महिला आयोग से जुड़ी थी और महिला पंचायत की सदस्य थी। रविवार सुबह छह बजे नरेला पुलिस को सूचना मिली कि जावेद की हत्या उसकी पत्नी ने कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जावेद कमरे में अचेत पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने जावेद को अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। जावेद अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था। इलाके में स्थित एक दुकान में वेल्डिंग का काम करता था।

जावेद के भाई अजीम (25) ने अपनी भाभी सलमा पर हत्या करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि जावेद शराब पीने का आदी था। अक्सर शराब पीकर घर आने के बाद उसकी पत्नी से कहासुनी और मारपीट होती थी। पुलिस ने सलमा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि शनिवार रात शराब पीने की बात को लेकर उसका पति के साथ झगड़ा हुआ था। हाथापाई के दौरान वह अचेत होकर गिर गया। हालांकि परिवार के लोगों का आरोप है कि सलमा ने जावेद की बेल्ट से पिटाई की है और उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अजीम के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जावेद के शरीर पर चोट के निशान हैं। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

मृतक की मां ने दिल्ली पुलिस व महिला आयोग पर लगाए आरोप
जावेद की मां शाबरा ने दिल्ली पुलिस व महिला आयोग पर कई संगीन आरोप लगाए हैं। शाबरा ने पुलिस पर भी जावेद की पिटाई करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि दो दिन पहले भी सलमा की शिकायत पर पुलिसकर्मियों ने जावेद को पीटा था। उसने अपनी बहू के खिलाफ कई बार थाने में शिकायत की लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत को अनसुना कर दिया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने कभी कोई कार्रवाई नहीं की। शाबरा के मुताबिक उसकी बहू पिछले आठ साल से महिला आयोग से जुड़ी हुई है। जब उन लोगों ने महिला आयोग में बहू की शिकायत की तो उसे वहां से भगा दिया गया। शाबरा ने बताया कि उसकी बहू अक्सर जावेद को महिला आयोग की धमकी देती थी और उसकी पुलिस से पिटाई करवाने की बात कहती थी। उसने आरोप लगाया कि जावेद जब शराब पीकर आता था तो उसकी पत्नी उसे खाना नहीं देती थी और उसके साथ मारपीट करती थी। उसने बताया कि बहू उन्हें भी तंग करती थी, जिसकी वजह से वह अलग रह रही थी।