Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दिल्ली की ओर बढ़ रहे हजारों किसान, जानें क्या है कारण?

नई दिल्लीः भारतीय किसान संगठन के नेतृत्व में किसानों व मजदूरों की समस्याओं को लेकर हजारों किसानों ने नोएडा से दिल्ल्ली की ओर कूच कर दिया है। किसान अपनी मांगों को मोदी सरकार के सामने रखने के लिए सहारनपुर से पैदल यात्रा करते हुए दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसको लेकर दिल्ली प्रशासन भी काफी चौकन्ना है और किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए कड़े इंतजाम भी किए गए हैं।

नोएडा से दिल्ली की ओर कूच कर रहे किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने की तैयारी में है हालांकि इसके पहले ही दिल्ली पुलिस ने किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए पुख्ता तैयारी कर रखी है। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली पुलिस ने अपने जवानों को तैनात कर दिया हैं। सीआरपीएफ के जवानों को भी यहां लगाया गया है, फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात कर दिए गए हैं।

इससे साफ जाहिर है कि दिल्ली पुलिस पूरी कोशिश करेगी दिल्ली की तरफ किसान न बढ़ सके जबकि किसान नोएडा के ट्रांसपोर्ट नगर से शनिवार की सुबह दिल्ली कूच के लिए रवाना हुए हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस की तैयारी कहीं न कहीं इशारा करती है कि किसानों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो सकता है। आपको बता दें कि पिछले साल भी किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव हो चुका है। भारतीय किसान संगठन के उपाध्यक्ष राधे ठाकुर ने कहा कि सहारनपुर से दिल्ली के लिए निकली ’किसान-मजदूर यात्रा’ में हजारों किसान शामिल हैं।

सहारनपुर से दिल्ली के किसान घाट तक पैदल यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में किसानों की हालत दयनीय है और किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है, लेकिन सरकार हाथ पर हाथ रखे सो रही है। उन्होंने कहा कि समय से किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हो रहा है और योगी सरकार बिजली की दर बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ रही है। कर्ज के चलते किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं, इसी के चलते देश के किसानों को दिल्ली पैदल आने के लिए मजबूर होना पड़ा है।