Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

हमारे पड़ोस में पल रहा आतंकवाद, हम निपटने में सक्षम : नरेन्द्र मोदी

 

मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मथुरा में गाय पूजा के साथ राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम लॉन्च किया। मथुरा के पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में पशु आरोग्य मेले का शुभारम्भ और 150 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरा विश्व पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयत्नशील है लेकिन हमारे यहां पर्यावरण और पशुधन संरक्षण के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत भगवान कृष्ण हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ लोगों के कान पर अगर गाय शब्द पड़ता है तो उनके बाल खड़े हो जाते हैं, अगर ऊं पड़ता है तो उनके बाल खड़े हो जाते हैं। उन्हें लगता है देश 16वीं शताबदी में चला गया। क्या ग्रामीण अर्थव्यवस्था की बात बिना पशुधन के की जा सकती है? उन्होंने कहा कि प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन हमेशा से भारत के आर्थिक चिंतन का मूल रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि और पशुपालन को प्रोत्साहन देते हुए हम नए भारत के निर्माण की तरफ आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने पड़ोसी देश पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवादियों को पनाह और प्रशिक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भारत पूर्ण रूप से सक्षम है और हमने करके दिखाया भी है।

मोदी ने कहा कि दूध, दही और माखन के बिना बाल गोपाल की कल्पना ही नहीं की जा सकती। पशुओं के संरक्षण और संवर्धन की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में गाय, भैंस, बकरी और सुअरों को साल में दो बार टीके लगाए जाएंगे। टीकाकरण वाले पशुओं को यूनिक आईडी देकर टैग लगाया जाएगा। पशुओं को स्वास्थ्य कार्ड भी जारी किया जाएगा। इस टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 51 करोड़ गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सूअरों को साल में 2 बार टीके लगाए जायेंगे। जिन पशुओं का टीकाकरण पूर्ण हो जायेगा, उन्हें पशु आधार देकर उनके कानों में टैग लगाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने में पशुपालन और दूसरे व्यवसायों की भी बहुत बड़ी भूमिका है। पशुपालन हो, मछली पालन हो या मधुमक्खी पालन, इन पर किया गया निवेश ज्यादा कमाई कराता है। इसके लिए बीते 5 वर्षों में कृषि से जुड़े दूसरे विकल्पों पर हम एक नई पहल के साथ आगे बढ़े हैं। भारत के डेयरी सेक्टर को विस्तार देने के लिए हमें नई तकनीक की जरुरत है। ये इनोवेशन हमारे ग्रामीण समाज से भी आएं इसीलिए आज स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज की शुरुआत कर रहा हूं। हमें समाधान खोजने हैं कि हरे चारे की उचित व्यवस्था कैसे सुनिश्चित हो, उन्हें भी पोषक आहार कैसे मिले? इसी नई एप्रोच का परिणाम है कि 5 साल के दौरान दूध उत्पादन में करीब 7% की वृद्धि हुई है। किसानों, पशुपालकों की आय में करीब 13% की वृद्धि दर्ज की गई है। मैं देश भर के गांव-गांव में काम कर रहे हर सेल्फ हेल्प ग्रुप से, सामाजिक संगठनों से, युवा मंडलों से, महिला मंडलों से, क्लबों से, स्कूलों और कॉलेजों से, सरकारी और निजी संस्थानों से, हर व्यक्ति हर संगठन से इस अभियान से जुड़ने का आग्रह करता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि पर्यावरण और स्वास्थ्य से जुड़ा एक विषय है जल संकट। जल संकट का उपाय है- जल जीवन मिशन। इस मिशन के तहत जल संरक्षण और हर घर जल पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका बहुत बड़ा लाभ गांवों में रहने वालों को, किसानों को मिलेगा। इससे माताओं-बहनों को सुविधा मिलेगी।पशुधन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य से लेकर डेयरी प्रोडक्ट्स की वैरायटी को विस्तार देने के लिए जो भी जरूरी कदम थे, वो उठाए गए हैं। दुधारु पशुओं की गुणवत्ता के लिए पहले राष्ट्रीय गोकुल मिशन शुरु किया गया और इस वर्ष देश पशुओं की उचित देखरेख के लिए कामधेनु आयोग बनाने का निर्णय हुआ है।

पर्यावरण संरक्षण के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि कचरे से कंचन की सोच ही हमारे पर्यावरण की रक्षा करेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि हमें अपनी आदतों में परिवर्तन करना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए हम जब भी बाहर बाजार में कुछ खरीदने जाएं तो अपने साथ अपना थैला, बैग अवश्य ले जाएं। हमें ये कोशिश करनी है कि इस वर्ष 2 अक्टूबर तक अपने घरों को, अपने दफ्तरों को, अपने कार्यक्षेत्रों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करें। प्लास्टिक की थैलियों का सस्ता और सुलभ विकल्प क्या हो सकता है? ऐसे अनेक विषयों का हल देने वाले स्टार्ट अप शुरू किए जा सकते हैं। स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के साथ ही कुछ परिवर्तन हमें अपनी आदतों में भी करने होंगे। हमें ये तय करना है कि हम जब भी बाजार में कुछ भी खरीददारी करने जाए, तो साथ में कपड़े या जूट का झोला जरूर ले जाएं। पैकिंग के लिए दुकानदार प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें।

पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोदी का स्वागत किया। मंच पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री श्रीकांत शर्मा, चौधरी लक्ष्मी नारायण, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और मथुरा की सांसद हेमा मालिनी भी मौजूद रहीं।