Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

खेल जगत ने अरुण जेटली के निधन पर जताया शोक

 

 

नई दिल्ली। पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का शनिवार को निधन हो गया। जेटली के निधन पर खेल जगत ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

महिला पहलवान गीता फोगाट ने ट्वीट किया, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के असामयिक निधन की खबर बेहद दुःखद है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’

क्रिकेटर शिखर धवन ने ट्वीट किया, “श्रद्धांजलि अरुण जेटली जी। आपके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने ट्वीट किया, “अरुण जेटली के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। एक विद्वान … एक क्रिकेट प्रेमी … हमेशा मददगार। अंडर -19 स्तर पर भी अच्छा करने वाले बच्चों के नाम याद रखना। आपकी कमी हमेशा खलेगी।”

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाली महिला पहलवान बबीता फोगाट ने ट्वीट किया, ‘भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री श्री अरुण जेटली जी के निधन से मन व्यथित हो उठा है। आज हमने एक आदर्श नेता खो दिया, उनकी कमी सदैव रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया, “अरुण जेटली जी के जाने के बहुत दुख है। उन्होंने दिल्ली के क्रिकेटरों को भारत का प्रतिनिधित्व करने में अहम भूमिका निभाई। एक वक्त था, जब दिल्ली के क्रिकेटरों को हाई लेवल तक जाने का चांस नहीं मिल पाता था, लेकिन डीडीसीए की लीडरशिप के दौरान उन्होंने दिल्ली के क्रिकेटरों को यह मौके दिलवाए। वह खिलाड़ियों की जरुरतें सुनते थे और उन्हें हल भी करते थे। मैं निजी तौर पर उनके साथ एक बेहद खूबसूरत रिलेशनशिप शेयर करता हूं। मेरी प्रार्थना और संवेदना उनके परिवार के साथ है।”

पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट किया, “श्री अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ओम शांति।”

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर ने ट्वीट किया, “एक पिता आपको बोलना सिखाता है, लेकिन पिता समान आपको यह कला सिखाता है कैसे बोलना है। एक पिता आपको चलना सिखाता है, लेकिन पिता समान सिखाता है कि कैसे चलना है। एक पिता आपको नाम देता है, लेकिन पिता समान आपको पहचान देता है। मेरे पिता समान अरुण जेटली नहीं रहे। मुझसे मेरा एक हिस्सा दूर चला गया है। श्रद्धांजलि सर।”

पहलवान योगेश्वर दत्त ने ट्वीट किया, “देश के प्रख्यात विधिवेत्ता, लेखक, चिंतक और पूर्व वित्त मंत्री श्री #अरुण_जेटली का असामयिक निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”

पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का शनिवार (24 अगस्त) यहां अखिल भारतीय अयुर्विज्ञान संस्था (एम्स) में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। वह नौ अगस्त से एम्स में भर्ती थे। उनका जन्म 1952 में दिल्ली में हुआ था और 1974 से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी।