Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सोनिया का मोदी सरकार पर वार, कहा- लॉकडाउन 3.0 के बाद क्या ?

कोरोना महासंकट और लॉकडाउन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। सोनिया गांधी ने बुधवार को सवाल किया कि यह तय करने का सरकार का मापदंड क्या है कि लॉकडाउन कितने लंबे समय तक जारी रहेगा।

सोनिया गांधी ने आज कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता मौजूद रहे। बैठक के जरिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

जानकारी के मुताबकि बैठक में सोनिया गांधी ने कहा कि लॉकडाउन 3.0 के खत्म होने के बाद क्या? उन्होंने सरकार से सवाल पूछा है कि 17 मई के बाद सरकार की क्या रणनीति है।

बैठक में मौजूद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोनिया गांधी की ओर से मोदी सरकार से पूछे गए सवालों का समर्थन किया। उन्होंने कहा​ कि हम सभी लोग जानना चाहते हैं कि सरकार के पास लॉकडाउन 3.0 के आगे का क्या प्लान है। राज्यों के मुख्यमं​त्रियों को लॉकडाउन के तीसरे चरण के बाद की रणनीति के बारे में पता होना चाहिए।

बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, जब तक व्यापक प्रोत्साहन पैकेज नहीं दिया जाता तब तक राज्य और देश कैसे चलेंगे? बैठक में गहलोत ने बताया कि ​जब से लॉकडाउन लागू हुआ है तब से हमने 10 हजार करोड़ का राजस्व खो दिया है। गहलोत ने आरोप लगाया कि उन्होंने राज्यों के पैकेज के लिए प्रधानमंत्री से अनुरोध किया था लेकिन उन्होंने हमारी बात को अनसुना कर दिया।

आपको बता दें कि सोनिया गांधी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री के साथ कोरोना वायरस के हालात और महामारी से निपटने के लिए किए गए प्रयासों को लेकर चर्चा कर रही हैं।