Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची से गायब हैं सिद्धू, जानिए वजह

नई दिल्लीः अपनी भाषण शैली के लिए मशहूर और फायरब्रांड नेता नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस पार्टी ने बड़ा झटका दिया है। पिछले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे सिद्धू का नाम इस बार स्टार प्रचारकों की सूची से गायब है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अब कांग्रेस उन्हें किनारे करने में जुटी हुई है।

मालूम हो कि भाजपा से कांग्रेस में जाने के बाद सिद्धू के सितारे बुलंद थे। बीते लोकसभा चुनाव व एक साल पहले मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान जैसे प्रमुख राज्यों के विधानसभा चुनाव में वह स्टार प्रचारकों की सूची में थे और उन्होंने दर्जनों रैलियां भी की थी। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में उनकी मांग पूरे देश में थी और उन्होने खूब प्रचार भी किया था।

पंजाब की राजनीति से गायब हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस हाईकमान ने भी अब भाव देना कम कर दिया है। जिसका नतीजा है कि हरियाणा व महाराष्ट्र के स्टार प्रचारकों की सूची से उनका नाम गायब है। खबर है कि हरियाणा कांग्रेस ने पहले सिद्धू को स्टार प्रचारक के रूप में शामिल करने के लिए पार्टी हाईकमान को कहा था, लेकिन बाद में कई नेता इसके विरोध में आ गए थे। इसके बाद पार्टी ने सिद्धू को दोनों ही राज्यों की स्टार प्रचारकों की सूची में स्थान नहीं दिया है।

हरियाणा के स्टार प्रचारकों की सूची में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ और शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला शामिल हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के साथ ही नवजोत सिद्धू का राजनीतिक ग्राफ पंजाब में गिरने लगा था। लोकसभा चुनाव में सिद्धू और सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच वाकयुद्ध शुरू हो गया था। जिसके बाद कांग्रेस ने बठिंडा सीट पर मिली हार के लिए सिद्धू को दोषी ठहराया था।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सिद्धू से स्थानीय निकाय विभाग वापस लेकर उन्हें ऊर्जा विभाग दे दिया था, लेकिन सिद्धू ने नया विभाग लेने से मना कर दिया। राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा के हस्तक्षेप के बावजूद मामले का हल नहीं निकला, जिसके चलते सिद्धू ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद से वह लगातार पार्टी, मीडिया व सरकार से दूरी बनाए हुए हैं। लगता है अब कांग्रेस ने भी उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी है। ऐसे में गुरु सिद्धू के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा शुरू हो गई हैं।