Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

महाराष्ट्र में शिवसेना ने भाजपा को दिया धोखा : राम नाईक

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने मंगलवार को यहां कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र में चुनाव नहीं हारी बल्कि शिवसेना के कारण वहां पार्टी की सरकार नहीं बन सकी।

नाईक ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना का गठबंधन था और इस गठबंधन को जनता ने बहुमत देकर सरकार बनाने का आदेश भी दिया था। यहीं नहीं चुनावी नतीजे के बाद एनसीपी और कांग्रेस ने विपक्ष में बैठने का निर्णय भी ले लिया था। लेकिन, चुनाव के बाद शिवसेना ने अपना मुख्यमंत्री बनाने का हठ किया और इसके चलते उसने भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया और एनसीपी व कांग्रेस से नया गठबंधन करके सरकार बना ली।

राज्यपाल पद से हटने के बाद राम नाईक आज पहली बार प्रदेश भाजपा कार्यालय पर आये थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता भी की प्रदेश के राज्यपाल रहते अपने कई अनुभव साझा किये।

नागरिकता संशोधन बिल के बारे में पूछने पर पूर्व राज्यपाल ने कहा कि संसद में पारित होने के बाद राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से अब यह कानून बन गया है। ऐसे में इसका विरोध करना लोकतंत्र का अपमान है।

नाईक ने बताया कि सोमवार को राजधानी में कुष्ठ रोगियों को आवास देने का एक कार्यक्रम था। प्रदेश सरकार की तरफ से आमंत्रित किये जाने पर वह यहां आये थे। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से अब उनका गहरा नाता है। भविष्य में जब भी मौका मिलेगा, वह यहां आते रहेंगे।