Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को ट्वीट करते हुए इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की

उत्तर प्रदेश के कई जिलों से हिंसा और प्रदर्शन की तस्वीर सामने आई थीं। इसके बाद योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब हिंसा में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के साथ ही अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। वहीं, इस पर राजनीति शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को ट्वीट करते हुए इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई का हमारा संविधान अनुमति नहीं देता है। अखिलेश यादव ने कहा कि ये कहां का इंसाफ़ है कि जिसकी वजह से देश में हालात बिगड़े और दुनिया भर में सख़्त प्रतिक्रिया हुई वो सुरक्षा के घेरे में हैं और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को बिना वैधानिक जांच पड़ताल के बुलडोजर से सजा दी जा रही है। इसकी अनुमति न हमारी संस्कृति देती है, न धर्म, न विधान, न संविधान। इससे पहले अखिलेश ने हवालात में आरोपियों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए योगी सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि ऐसी हवालात पर सवालात, नहीं तो इंसाफ खो देगा अपना इकबाल।
बता दें कि जुमे की नमाज के बाद हुए दंगों के बाद यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। दंगाइयों की धरपकड़ तेज कर दी है और पकड़े गए आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश के 9 जिलों में अब तक 13 एफआईआर दर्ज की गई हैं। वहीं, 306 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा प्रयागराज से 92, सहारनपुर से 71, हाथरस से 51, अंबेडकरनगर से 34, मुरादाबाद से 35, फिरोजाबाद से 15 और अलीगढ़ से अब तक 6 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।