Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सैयद अकबरुद्दीन की पाकिस्तान को बड़ी नसीहत, बोले- आप जितना नीचे गिरेंगे, भारत उतना ही ऊपर जाएगा

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा बयान दिया है और सख्त लहजे में पड़ोसी देश को कड़ी चेतावनी दी है। अकबरुद्दीन ने कहा है कि कश्मीर मामले पर पाकिस्तान जितना नीचे गिरेगा, भारत का कद उतना ही ज्यादा बढ़ जाएगा। अकबरुद्दीन का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब पाकिस्तान 27 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर मुद्दा उठाने वाला है।

सैयद अकबरुद्दीन ने कहा है कि वह ठोकरें खाते हैं, भारत ऊंची उड़ान भरता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अकबरुद्दीन ने न्यूयॉर्क मीडिया से बात करते हुए यह बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहुपक्षीय और द्विपक्षीय व्यस्तताओं और बैठकों के ढ़ेर सारे उदाहरण इस बात को रेखांकित करते हैं कि भारत कितना ऊंचा होगा।

उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान क्या चाहता है, उसकी मर्जी क्या है। हमने पहले मेन स्ट्रीम टेररिज्म देखा है, अब वह मेनस्ट्रीम हेट स्पीच दे सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि कुछ देश अपनी बातों को रखने के लिए नीचा गिर सकते हैं लेकिन हमें भरोसा है कि हमारा स्तर ऊपर उठेगा। आप जितना नीचे गिरेंगे, हम उतना ऊपर जाएंगे।