Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

परिवहन निगम 15 सितम्बर से लखनऊ से सटे गांवों के लिए चलाएगा बसें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) राजधानी लखनऊ से सटे गांवों के लिए 15 सितम्बर से बसें चलाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बुधवार को बताया कि एक वर्ष की कवायद के बाद लखनऊ से सटे गांवों तक 15 सितम्बर से बसें चलाने की तैयारी की जा रही है। लखनऊ से पहले चरण में प्रयोग के तौर पर हर रूट पर एक साधारण बस संचालित की जाएंगी। इसके लिए 52 साधारण बसों का अनुबंध किया जाएगा। अनुबंधित बस ऑपरेटरों से करार होते ही किराया और समय सारिणी तय कर दी जाएगी। 
उन्होंने बताया कि राजधानी के करीब 263 गांवों तक भी रोडवेज की बसें चलाई जाएंगी। लखनऊ से जुड़े 15 मार्गों पर 15 साधारण बसें चलेंगी। ये बसें गंगागंज, नगराम, मुंशीगंज, मौरावां, हैदरगढ़, रेउसा, बरगदिया, बीकेटी, गोसाईगंज, मोहनलालगंज, मलीहाबाद, इटौंजा, कुम्हरावां, टिकरी, अमानीगंज, महोना, तम्बौर, हरौनी, महमूदाबाद, चहलारीघाट के गांव तक रोजाना आवागमन करेंगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि आलमबाग, चारबाग और कैसरबाग बस अड्डे से ग्रामीण बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा लखनऊ से सटे तीन मार्गों पर ग्रामीण बसें अगल-अलग समय सारिणी से चलाई जाएंगी।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संकल्प पत्र के अनुसार गांवों को रोडवेज बसों से जोड़ने की कवायद चल रही है। इसलिए अभी लखनऊ से सटे 736 गांव चिन्हित किए गए हैं। जहां अगले महीने तक रोडवेज बसों की सेवा शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए ग्रामीण अनुबंधित बस योजना के तहत 31 अगस्त तक निजी बस ऑपरेटरों से टेंडर मांगे गए हैं।