Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

लखनऊ : अनलॉक-1 की तुलना में तेजी से हुई राइडरशिप रिकवरी, देश भर में लखनऊ मेट्रो की राइडरशिप रिकवरी सबसे तेज

48,134 यात्रियों के साथ लखनऊ मेट्रो ने दर्ज की अनलॉक-2 की सर्वाधिक राइडरशिप, 20 सितम्बर को सबसे अधिक यात्रियों ने किया लखनऊ मेट्रो से सफ़र

अनलॉक-1 की तुलना में तेजी से हुई राइडरशिप रिकवरी, देश भर में लखनऊ मेट्रो की राइडरशिप रिकवरी सबसे तेज
अनलॉक-2 में 9 जून 2021 को लखनऊ मेट्रो सेवा के पुनः आरंभ होने के बाद से सोमवार, 20 सितम्बर को लखनऊ मेट्रो की दैनिक राइडरशिप (यात्री संख्या) कोविड काल की सबसे ज्यादा दर्ज राइडरशिप रही। सोमवार के दिन लखनऊ मेट्रो की कुल राइडरशिप 48,134 रही। यह राइडरशिप रिकवरी 72 प्रतिशत से अधिक है, जो किसी अन्य मेट्रो की तुलना में सबसे तेज भी है। अनलॉक-1 के बाद जहां 47 हजार के इस स्तर तक पहुँचने में 183 दिन लगे थे, वही अनलॉक – 2 में यह आंकड़ा 85 दिनों में हासिल किया गया। इससे पहले अनलॉक-1 के दौरान 8 मार्च, 2021 को लखनऊ मेट्रो की कुल राइडरशिप 47,721 रही थी।


कोरोना के बाद की परिस्थितियों में मेट्रो की राइडरशिप में हो रहा यह निरंतर सुधार, सबसे सुरक्षित यात्री सेवा के लखनऊ मेट्रो के संकल्प के प्रति लखनऊवासियों के भरोसे को दर्शाता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक, श्री कुमार केशव ने लखनऊवासियों के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “यात्रियों से मिल रहे निरंतर समर्थन और सहयोग के लिए हम हृदय से आभारी हैं। इससे हमारा मनोबल बढ़़ा है और विश्वस्तरीय यात्री सेवा प्रदान करने का निश्चय और भी मजबूत हुआ है। एक सार्वजानिक यात्रा के साधन के तौर पर भविष्य में भी हम इसी समर्पण और निष्ठा से अपना योगदान करते रहेंगे।“


गौरतलब है कि वर्तमान में कोविड के मद्देनज़र मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो ट्रेनों पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए तमाम प्रबंध जारी हैं। कोविड निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सैनिटाइजेशन और शारीरिक दूरी का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। मेट्रो के कोच और टोकन के सैनिटाइजेशन के लिए अल्ट्रा वॉयलेट (पराबैंगनी) किरणों का प्रयोग करने वाली लखनऊ मेट्रो देश की पहली मेट्रो सेवा है।