Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शर्मनाक : तीन जगहों पर महिलाओं से रिश्तेदारों ने ही किया दुष्कर्म

 

नई दिल्ली। दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर तीन महिलाओं से उनके ही रिश्तेदारों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। तीनों घटना रविवार की हैे। पहले मामले में रिश्तेदार ने दो दोस्तों के साथ मिलकर महिला को अगवा कर गैंगरेप किया। दूसरे मामले में बीमारी ठीक कराने के लिए धार्मिक स्थान पर ले जाने के बहाने रिश्तेदार ने महिला को हवस का शिकार बनाया। तीसरे मामले में रिश्तेदार ने महिला को घर में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने तीनों ही घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी आरोपित फरार हैं।

घटना-1
डाबड़ी में दोस्तों के साथ मिलकर अगवा किया

डाबड़ी इलाके में 30 वर्षीय महिला को उसके ही रिश्तेदार ने अगवा किया और सुनसान स्थान पर ले जाकर कार में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना रविवार शाम साढ़े पांच बजे की है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपितों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब वह घर से थाने में पति की शिकायत करने के लिए जा रही थी। वारदात के बाद आरोपित महिला को द्वारका सेक्टर-10 ट्रैफिक सिग्नल के पास छोड़कर फरार हो गए।

घटना-2
सुल्तानपुरी में धार्मिक स्थान पर ले जाने का बहाना किया

दूसरी वारदात सुल्तानपुरी इलाके की है। पुलिस को 29 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह काफी समय से बीमार चल रही थी। इसकी जानकारी सभी रिश्तेदारों को थी। इस दौरान एक रिश्तेदार घर आया और बताया कि एक धार्मिक स्थान पर दर्शन करने से बीमारी ठीक हो जाएगी। इसके बाद वह महिला को रविवार दोपहर अपने साथ एक ठिकाने पर ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपित की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

घटना-3
जैतपुर में घरवालों के नहीं होने पर वारदात की

तीसरी घटना दिल्ली के जैतपुर इलाके की है। यहां 35 वर्षीय महिला घर में अकेली थी। पति व परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। इस दौरान एक रिश्तेदार घर आया और अकेला पाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। महिला के विरोध करने पर हत्या की धमकी की। आरोपित के जाने के बाद पीड़िता ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।