Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अमेरिका के चार शहरों में दिल्ली हिंसा के विरोध में शुक्रवार को होगा प्रदर्शन

 

वाशिंगटन। भारत की राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में हो रही हिंसा पर विरोध जताने के लिए अमेरिका के चार प्रमुख शहरों शिकागो, एटलांटा, सैन फ्रांसिस्को और न्यूयॉर्क में शुक्रवार को प्रदर्शन किए जाएंगे। इसका आयोजन साउथ एशियन स्टूडेंट्स एगेंस्ट फासीजम नामक समूह ‘इमरजेंसी स्टॉप स्टेट सेंंक्शंड वाइलेंस इन इंडिया’ के बैनर तले करेगा।

प्रदर्शन में भाग लेने के लिए चारों शहर के लोग भारतीय वाणिज्य दूतावास के बाहर एकत्रित होंगे।साउथ एशियन स्टूडेंट्स एगेंस्ट फासीजम समूह ने प्रदर्शन कार्यक्रम को दक्षिण एशियाई छात्रों का अभियान बताया है, जो फासीवाद, धार्मिक असहिष्णुता और ध्रुवीकरण के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए एकजुट है।

गौरतलब है कि भारत की राजधानी दिल्ली के जाफराबाद, गोकुलपुरी और मौजपुर में सीएए के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों में हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में मरने वालोंं की संख्या 34 हो चुकी है। जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।