Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

प्रधानमंत्री मोदी ने की ‘फिट इंडिया अभियान’ की शुरुआत बोले-‘बॉडी फिट तो माइंड हिट’

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार सुबह राजधानी दिल्ली में ‘फिट इंडिया अभियान’ की शुरुआत की। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में इस अभियान को लॉन्च किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों को सेहतमंद रखना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिट इंडिया अभियान के लिए खेल मंत्रालय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि बीते पांच सालों में भारतीय खेल जगत में काफी सुधार हुआ और आज का ये दिन हमारे उन युवा खिलाड़ियों को बधाई देने का है, जो निरंतर दुनिया के मंच पर तिरंगे की शान को नई बुलंदी दे रहे हैं। बैडमिंटन हो, टेनिस हो, एथलेटिक्स हो, बॉक्सिंग हो, कुश्ती हो या फिर दूसरे खेल, हमारे खिलाड़ी हमारी उम्मीदों और आकांक्षाओं को नए पंख लगा रहे हैं। उनका जीता मेडल, उनके तप और तपस्या का परिणाम तो है ही, ये नए भारत के नए जोश और नए आत्मविश्वास का भी पैमाना है। उन्होंने फिटनेट का मंत्र देते हुए कहा कि बॉडी फिट तो माइंट हिट।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स का सीधा नाता है फिटनेस से लेकिन आज जिस फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत हुई है, उसका विस्तार स्पोर्ट्स से भी आगे बढ़कर है। फिटनेस एक शब्द नहीं है, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध जीवन की एक जरूरी शर्त है। इस दौरान उन्होंने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि आज के दिन हॉकी के जादूगर के रूप एक महान खिलाड़ी देश को मिला था। जिन्होंने अपनी हॉकी से दुनिया का दिल जीत लिया था।

मोदी ने बदलते समय को एक उदाहरण से समझाते हुए कहा कि कुछ दशक पहले तक एक सामान्य व्यक्ति दिन में 8-10 किलोमीटर पैदल चल लेता था। फिर धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी बदली, आधुनिक साधन आए और व्यक्ति का पैदल चलना कम हो गया। अब स्थिति यह है कि टेक्नोलॉजी ने हमारी ये हालत कर दी है कि हम चलते कम हैं और अब वही टेक्नोलॉजी हमें गिन-गिन के बताती है कि आज आप इतने स्टेप (कदम) चले। उन्होंने कहा कि फिटनेस हमारे जीवन के तौर-तरीकों का अभिन्न अंग रहा है लेकिन आज उसे ही लेकर समाज में उदासीनता आ गई है।

इससे पहले खेल मंत्री किरण रिजिजू ने फिट इंडिया अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर फिट इंडिया अभियान को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज देशभर से लोग पूरे मन और जोश के साथ इस अभियान से जुड़े हैं, मैं उन सभी का धन्यवाद करता हूं। उनकी कोशिशों से ही प्रधानमंत्री का ‘देश को सशक्त और प्रगतिशील बनाने’ का सपना पूरा हो सकेगा। इसके लिए जरूरी है कि हर भारतीय शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ्य रहे। प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलने के बाद हम इस अभियान को एक नई ऊंचाई तक ले जाएंगे। इसके लिए हम सभी को साथ जुड़ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के मौके पर इस अभियान का आगाज हुआ है।

कार्यक्रम की शुरुआत में फिटनेस को लेकर खेल से होने वाले फायदों को दर्शाते हुए एक वीडियो प्रस्तुति हुई। जिसमें कबड्डी, शतरंज, खो-खो, कुश्ती, गिल्ली-डंडा, तीरंदाज, क्रिकेट, जूडो, टेनिस, बैडमिंटन इत्यादि के साथ गरबा नृत्य के प्रभाव को समझाया गया। इस दौरान विभिन्न खेल से जुड़ी हस्तियों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।