Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

50 रुपए किलो पहुंचे प्याज के दाम, अभी और बढ़ेंगे

 

 

प्याज महंगा हो रहा है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर में प्याज का रिटेल दाम 50 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। जबकि सड़े गले प्याज को भी 30 रुपए प्रति किलो तक के ग्राहक मिल रहे हैं। बाजार में प्याज के दाम बढ़ने का कारण किसानों के पास प्याज का स्टाक खत्म होना है। इसके अलावा नासिक की प्याज भी कम आ रही है।

दीवाली तक यही स्थिति रहेगी। अगर नया प्याज बाजार में नहीं आया तो दाम 60 से 100 रुपए किलो तक भी पहुंच सकते हैं। पिछले 15 दिनों में देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी लासलगांव (नासिक) में प्‍याज के दामों में 10 रुपए प्रति किलोग्राम इजाफा होना बताया जा रहा है महीने भर में प्याज का भाव 75 फीसदी ज्यादा बढ़ चुका है।

पिछले एक महीने में प्याज के दाम 30-40 रुपए किलो तक बढ़े हैं। एक महीने पहले 10 रुपए किलो बिकने वाला प्याज बाजार में 50 रुपए किलो तक बिक रहा है। यह वही प्याज है जिसे व्यापारियों ने समर्थन मूल्य पर 8 रुपए किलो के भाव से खरीदा था। तेज बारिश में स्टाक में रखे प्याज के खराब होने से बाजार में आवक कम हुई और यह स्थिति निर्मित हुई है।

 अर्जुनगंज के सब्जी विक्रेता विक्रम ने बताया कि प्याज उत्पादक राज्यों में बारिश की वजह से फसल खराब हो रही है। लगातार बारिश होने के कारण वहां से प्याज की आवक कम होने से उन्हें ही महंगा प्याज खरीदना पड़ रहा है। जो प्याज आ रहा है, उसकी क्वालिटी भी ठीक नहीं है। इस कारण प्याज 40 से 50 रुपए किलो तक बिक रहा है। ऐसी स्थिति में ग्राहक भी कम मात्रा में प्याज खरीद रहे हैं।

दीवाली बाद आएगा नया प्याज

लगातार बारिश होने से नए प्याज की बोवनी कम हो सकी। बारिश थमने के बाद किसान बोवनी करेंगे। नासिक जिले में भी इस साल बाढ़ जैसे हालात रहे हैं जिसके चलते वहां के किसान भी प्याज की बोवनी नहीं कर पाए हैं। ऐसी स्थिति में बाजार में नया प्याज दीवाली या उसके बाद ही दिखेगा। ऐसी स्थिति में अभी करीब दो महीने तक आम नागरिकों को नई प्याज मिलने की संभावना नहीं है। इस कारण लोगों को महंगे दाम पर ही खरीदना पड़ेगा।