Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दी पीवी सिंधु को बधाई

 

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेकैंया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मशहूर महिला खिलाड़ी पीवी सिन्धु को विश्व बैडमिंटन चैंपियनशीप जीतने पर बधाई दी है। पहली बार किसी खिलाड़ी के यह खिताब जीतने पर हैदराबाद में सिंधु के घर में जश्न का माहौल है।

राष्ट्रपति कोविंद ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि यह पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। कोर्ट में सिंधु का जादू, कड़ी मेहनत और दृढ़ता लाखों लोगों को रोमांचित और प्रेरित करती है। उप राष्ट्रपति नायडू ने कहा कि पीवी सिंधु को जापान की नोजोमी ओकुहारा को बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप-2019 के फाइनल में हराकर इतिहास बनाने और बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनने के लिए हार्दिक बधाई। पूरे देश को इस शानदार उपलब्धि के लिए सिंधु पर गर्व है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि शानदार प्रतिभाशाली पीवी सिंधु ने भारत को फिर गौरवान्वित किया है। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने के लिए उन्हें बधाई। उनकी बैडमिंटन के प्रति लगन और समर्पण प्रेरणादायक है। पीवी सिंधु की सफलता खिलाड़ियों की पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

भारत की दिग्गज महिला बैडमिंटन खिलाड़ी और रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता पीवी सिंधु ने रविवार को बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीता। खिताबी मुकाबले में सिंधु ने दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी जापान की नोजोमी ओकुहारा को शिकस्त देकर पहली बार चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया। सिंधु ने ओकुहारा को 37 मिनट तक चले मुकाबले के सीधे गेमों में 21-7, 21-7 से हराया। इस जीत के साथ ही सिंधु ने ओकुहारा से खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 9-7 का कर लिया है।

पीवी सिंधु के हैदराबाद स्थित घर में जश्न का माहौल है। उनकी मां पी विजया का कहना है कि इस उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। हम इसी गोल्ड मेडल का इंतजार कर रहे थे। इसके लिए ही सिंधु लगातार मेहनत कर रही थी। खेलमंत्री किरण रिजिजू ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि भारत को पीवी सिंधु पर गर्व है। सरकार उनके जैसे चैंपियन बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायता और सुविधाएं प्रदान करेगी।