Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

Happy Birthday PM Modi : हर साल ऐसे जन्मदिन मनाते हैं प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंगलवार यानि आज 17 सितंबर को 69वां जन्मदिन है। वह हर साल अपना जन्मदिन एक अलग अंदाज में मनाते हैं। अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच वो हर साल गांधीनगर पहुंचकर अपनी मां हीराबेन से आशीर्वाद जरूर लेते हैं। आमतौर पर ऐसा नहीं होता जब मोदी ने अपनी मां से आशीर्वाद न लिया हो। हालांकि पिछले साल पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी गए थे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया था।

वहीं, इस साल भी मोदी अपनी मां से मिलने गांधी नगर पहुचेंगे। वो शाम को सभी कार्यक्रमों के बाद अपनी मां का आशीर्वाद लेने पहुचेंगे। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल अपना जन्मदिन हर बार खास अंदाज में मनाया है। कभी वो बच्चों की बीच होते हैं तो कभी अपनी मां के साथ जन्मदिन मनाते हैं।

2018 में पहुंचे बच्चों के बीच

पिछले साल यानी की प्रधानमंत्री मोदी ने अपना 68वां जन्मदिन अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मनाया था। मोदी ने यहां सबसे पहले बाबा विश्वनाथ की पूजा की थी, इसके बाद वो स्कूली बच्चों से मिले थे। इसके साथ ही उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए करोड़ों रूपये की कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया था।

2017 में किया केवडिया डैम का उद्घाटन

इससे पहले 2017 में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के लोगों को बहुत बड़ा तोहफा दिया था। आज से महज दो साल पहले ही प्रधानमंत्री ने केवडिया जिले में नर्मदा नदी पर बने सरदार सरोवर डैम का उद्घाटन किया था। इस बांध की आधारशिला पीएम जवाहरलाल नेहरू ने 1951 पर रखी थी. वहीं उद्घाटन समारोह के बाद पीएम मोदी ने अमरेली में एक जनसभा को भी संबोधित किया था।

2016 में सामाजिक आधिकारिता शिविर में मनाया जन्मदिन

वहीं वर्ष 2016 में उन्होंने अपने 66वें जन्मदिन के मौके पर गुजरात के नवसारी में सामाजिक आधिकारित शिविर में हिस्सा लिया। इसी के साथ सहायक उपकरण वितरण समारोह को भी संबोधित किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत की तरफ उम्मीदों से देख रही है।

2015 में भारत पाक युद्ध की याद में प्रदर्शनी देखी

अपने 65वें जन्मदिन के मौके पर 2015 में प्रधानमंत्री मोदी ने 1965 के भारत पाकिस्तान युद्ध के 50 साल पूरे होने की याद में एक प्रदर्शनी देखी थी। इस खास मौके पर उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान सशस्त्र बलों की बहादुरी और बलिदान का शौर्य हर भारतीय के मन में सालों साल तक रहेगा। हमें सभी सैनिकों की बहादुरी पर गर्व है।

प्रधानमंत्री बनने के बाद लिया मां का आशीर्वाद

वैसे तो प्रधानमंत्री मोदी हर साल ही अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी मां का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। इसकी शुरूआत हुई 2014 से जब प्रधानमंत्री ने अपने 64वें जन्मदिन पर गांधीनगर जाकर अपनी मां का आशीर्वाद लिया।