Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों के आएंगे अच्छे दिन, ऐसे मिलेगी सरकारी नौकरी

 

बलिया। उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि यूपी में अब खिलाड़ियों के अच्छे दिन आएंगे। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी के साथ खेल मैदानों का सर्वें करने के बाद रविवार को स्थानीय स्टेडियम में उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान यह बात कही।

सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि अब ओलम्पिक में पदक पाने वाले खिलाड़ी को राजपत्रित अधिकारी पद पर नियुक्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ओलम्पिक में मात्र भाग लेने वाले खिलाड़ी को 10 लाख व एशियन गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ी को पांच लाख प्रोत्साहन राशि देंगे।

ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़, रजत पदक पर चार करोड़ व कांस्य लाने वाले को दो करोड़ देंगे। इसी प्रकार एशियन गेम्स में यह प्रोत्साहन राशि क्रमशः पचास लाख, बीस लाख व दस लाख है।

खेल निदेशक आरपी सिंह ने यह भी बताया कि सरकारी नौकरियों में स्पोर्ट्स कोटे की काफी सीटें खाली पड़ी हैं। अकेले यूपी पुलिस में तीन हजार सीटें खाली हैं। अब ऐसी सीटें शीघ्र भरी जाएंगी। उन्होंने कहा कि हाॅस्टल सुविधा में हमने 26 वर्षों से चल रही व्यवस्था में बदलाव किया है।

इसी के साथ उन्होंने कहा कि बलिया के दुमदुमा गांव में 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक बनेगा। यहां 12 एकड़ में स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम के भी दिन बहुरेंगे।

चन्द्रशेखर के नाम पर होगा स्पोर्ट्स कॉलेज

खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि जिले में बन रहा स्पोर्ट्स कालेज पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के नाम पर होगा। इसके नामकरण की सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गयी हैं। इस पर अंतिम मुहर भी लग गयी है। मुख्यमंत्री की ओर से इसका अप्रूवल भी हो गया है।