पर्यटन डेस्क|

भारत में पर्यटन स्थलों की कोई कमी नहीं है। आप कभी भी ये नहीं सोच सकते हैं कि आपने पूरा भारत भ्रमण कर लिया क्योंकि जब भी आप ऐसा सोचेंगे हम आपके लिए कुछ नई और अनोखी जगह के बारे में जानकारी लेकर आएंगे और आप फिर उस खूबसूरत जगह की सैर किए बिना रह नहीं पाएंगे। तो आइए जानें ऐसी ही खूबसूरत और अनोखी जगह जिसे सफेद रेगिस्तान के नाम से जानते हैं।

 

कच्छ का रण, गुजरात
आप ये समझने की भूल मत करिए कि खूबसूरती तो केवल भारत के उत्तर में हैं क्योंकि भारत के पश्चिम में बसे गुजरात में भी बहुत से अनोखे स्थल हैं जिसे देखे बिना आपका जीवन अधूरा है। इसी में से एक है कच्छ का रण। जिसे सफेद रेगिस्तान के नाम से भी जाना जाता है।

द ग्रेट रण ऑफ कच्छ
गुजरात की सैर करने गए हैं तो इस खूबसूरत स्थल की यात्रा किए बिना लौट कर मत आइए। इस जगह पर आपको दिखेगा नमक ही नमक जिसकी वजह से ही इसे सफेद रेगिस्तान का नाम दिया गया है। कच्छ भारत का एक प्राकृतिक अजूबा है। जिसे देखने के बाद आप कह उठेंगे कि कच्छ से बेहतर कोई और जगह नहीं है।

दरअसल कच्छ एक द्वीप है जो भारत की मुख्यभूमि से अलग है। कच्छ और मुख्यभूमि के बीच समुद्र का छोटा सा हिस्सा आता है जो बारिश के मौसम के बाद पूरी तरह से सूख जाता है और फिर यहां चारों तरफ दिखती है सफेद भूमि जो होता है, नमक। इसे ही कच्छ का रण कहते हैं। यहां पर दो रण है एक बड़ा और दूसरा छोटा रण।

होता है रण महोत्सव
हर साल नवंबर से फरवरी के बीच यहां पर रण महोत्सव मनाया जाता है। ये महोत्सव धोरडो गांव में होता है। इस कच्छ के रण में ही आपको जंगली गधे और बहुत से विविध प्रजातियों के जीव-जन्तु नजर आ जाएंगे।

गिर राष्ट्रीय उद्यान
कच्छ के रण के अलावा यहां पर बना गिर राष्ट्रीय उद्यान बहुत प्रसिद्ध है। यह जगह एशियाई बब्बर शेरों के लिए संरक्षित है और विश्व भर में प्रसिद्ध भी है। यह वन अभ्यारण गुजरात के लगभग 1424 वर्ग किमी में फैला हुआ है।

कैसे पहुंचे
कच्छ का रण भुज जिले के अंदर आता है जो भारत के सभी प्रमुख स्टेशनों और सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है।