Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

मोदी के जन्मदिन पर आज वाराणसी में गंगा को चढाई जाएगी 71 मीटर की चुनरी,71 बटुकों ने किया दुग्धाभिषेक,जलेंगे 71 हजार दीप

वाराणसी-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 71वां जन्मदिन है। अपने सांसद और देश के प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर गुरुवार से ही काशीवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आज सुबह से ही काशी में जगह-जगह विविध आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों की यह श्रृंखला आगामी 7 अक्टूबर तक चलती रहेगी। गौरतलब है कि 20 साल पहले 7 अक्टूबर को ही प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए अहिल्याबाई घाट पर पूजापाठ करते बटुक और भाजपा नेता।

71 बटुकों ने किया पूजन

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार की सुबह वाराणसी स्थित अहिल्याबाई घाट पर पंडित उदित नारायण मिश्र के आचार्यत्व में 71 बटुकों ने मां गंगा का षोडशोपचार पूजन किया। इस दौरान केशर जल और दूध से मां गंगा का अभिषेक कर प्रधानमंत्री की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई। कार्यक्रम संयोजक भाजपा नेता पवन शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ-साथ वह हमारे सांसद भी हैं। आज पूरे बनारस में विकास रूपी गंगा बह रही है।

ऐसे में आवश्यक है कि विकास पुरुष के उज्ज्वल भविष्य और अदम्य ऊर्जा प्राप्ति हेतु धार्मिक अनुष्ठान होते रहने चाहिए। इस दौरान राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, विशाल औढ़ेकर, विनय यादव, विकास महाराज, डॉ.नीरज पांडेय, बाबू महाराज, वेदमूर्ति शास्त्री, सुनील शर्मा, तरुण शास्त्री, भवानी शर्मा, नवीन कसेरा, प्रदीप पांडेय, जितेंद्रधर, अंकुल द्विवेदी, कन्हैया लाल सेठ, शिवदत्त द्विवेदी और प्रकाश गुप्ता आदि मौजूद थे।

चुनरी चढ़ाकर गंगा का दुग्धाभिषेक करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर आज श्रीमती रत्ना देवी समाजसेवी ट्रस्ट की ओर से दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा को 71 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही 71 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया जाएगा। इस दौरान सरोद वादक अंशुमान महाराज बधाई गीत प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा आज जिले की आठों विधानसभाओं में भाजपा नेता 71-71 किलो लड्‌डू का वितरण करेंगे।

भारत माता मंदिर में 71 हजार दीप जलेंगे

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आज शाम सिगरा स्थित भारत माता मंदिर 71 हजार दीप जलाए जाएंगे। शाम के समय ही 71 प्रमुख मंदिरों में पूजापाठ कर भाजपाजन प्रधानमंत्री की लंबी आयु और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करेंगे। शाम के समय काशीवासी अपने घरों में भी दीपदान कर प्रधामंत्री को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देंगे।

222 केंद्रों पर लगेगी वैक्सीन

प्रधानमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग ने भी बड़ी तैयारी की है। आज जिले में 222 केंद्रों पर लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। इनमें से 219 सेंटर में वैक्सीन की पहली डोज और 3 केंद्रों पर दूसरी डोज लगाई जाएगी। इसके अलावा बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में विश्वकर्मा जयंती समारोह आयोजित किया गया है। समारोह में केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय विश्वकर्मा समाज के लोगों को रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाले उपकरण वितरित करेंगे।

रिपोर्ट-रंजीत सिंह