Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

नृत्य गोपाल दास बोले-राम मंदिर बनाने के लिए नए ट्रस्ट की जरूरत नहीं

 

 

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष और मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए न्यास तो पहले से मौजूद है। अब किसी नए ट्रस्ट की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार को राम जन्म भूमि न्यास के माध्यम से ही जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाना चाहिए। प्रधानमंत्री के अयोध्या आगमन के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिसकी लाख दफे गर्ज हो वह अयोध्या आए। अयोध्या किसी को बुलाती नहीं है।

नृत्य गोपाल दास ने कहा कि राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए संतों, धर्म आचार्यों की ओर से रामजन्म भूमि न्यास का गठन किया गया था। न्यास ने प्रसिद्ध वास्तुकार चंद्रपाल सोमपुरा से प्रस्तावित राम मंदिर का मॉडल और नक्शा तैयार कराया। इसी नक्शे और मॉडल के आधार पर भक्तों और श्रद्धालुओं के सहयोग से प्रस्तावित राम मंदिर के प्रथम तल में लगने वाले पत्थरों की तराशी का काम भी पूरा कर लिया गया है। न्यास अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान है। केंद्र सरकार श्रीराम जन्म भूमि न्यास में ही अन्य सदस्यों की संख्या बढ़ा ले और इसी ट्रस्ट द्वारा राम मंदिर का निर्माण कराया जाए।

महंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रहते ही मंदिर निर्माण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिसकी इच्छा हो वह अयोध्या आए। अयोध्या किसी को बुलाने नहीं जाती। श्रद्धा और आस्था के वशीभूत लोग मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की अवधपुरी में आते हैं और दर्शन पूजन करते हैं।