Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पाकिस्तान के टुकड़े होने से नहीं रोक सकता है कोई माई का लाल : राजनाथ सिंह

 

चंडीगढ़। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के टुकड़े होने से कोई माई का लाल नहीं रोक सकता है। पाकिस्तान खंड-खंड हो जाएगा। विजय दशमी पर युद्धक विमान ‘राफेल’ की शस्त्र पूजा करने के बाद वीरों की भूमि हरियाणा से रक्षामंत्री ने पाकिस्तान को चुनौती देते हुए कहा कि भारत इतना मजबूत हो चुका है कि दुनिया की कोई ताकत भारत की तरफ बुरी नजर से नहीं देख सकती।
रक्षा मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की नीयत में खोट है, इसलिए वो आतंकवाद को पनाह दे रहा है। उन्होंने पाकिस्तान को नसीहत दी कि यदि वह आतंकवादियों को कुलचने में सफल नहीं हो पा रहा है तो वह भारत का सहयोग ले सकता है। राजनाथ सिंह रविवार को करनाल की असंध विधानसभा में भाजपा उम्मीदवार सरकार बक्शीश सिंह की जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

रक्षामंत्री ने राफेल की तारीफ करते हुए कहा कि यह फाइटर अगर हमारे पास होता तो हम भारत की जमीन से ही पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को ध्वस्त कर सकते थे। हमें पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकियों को मारने की जरूरत नहीं पड़ती। भारत इतना मजबूत हो चुका है कि अब दुश्मन बुरी नजर से नहीं देख सकता। उन्होंने कहा कि फ्रांस के पेरिस में विजय दशमी के दिन जब उन्होंने राफेल पर ओम लिखा और रक्षा सूत्र बांधा तो यहां बैठे कांग्रेस नेताओं को परेशानी होने लगी।

सिंह ने कांग्रेस की सोच पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को खुश होना चाहिए था कि हमारा देश ताकतवर हो रहा है, लेकिन कांग्रेस कभी ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि उनकी नीयत में खोट है। कांग्रेस का विरोध पाकिस्तान को मजबूती देता है।

राजनाथ सिंह ने कहा पाकिस्तान की हालत खराब हो चुकी है। जनता का ध्यान वहां के हालात पर ना जाए, इसलिए वे आतंकियों को पोषित करते हैं। भारत की परम्परा रही है कि कभी हमने दूसरे देश पर हमला नहीं किया और ना ही किसी देश की धरती पर कब्जा किया। उन्होंने पाकिस्तान को सख्त लहजे में कहा कि अब कश्मीर को भूल जाओ क्योंकि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बन चुका है।

पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले जब हरियाणा में कांगेस और इनेलो की सरकार तब उनके मुखिया दिल्ली में बैठकर सरकार चलाते थे। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल जमीनी स्तर पर शासन किया है।

रक्षामंत्री ने कहा कि अब वो दिन लद गए कि राजा का बेटा राजा बने। यहां तो किसान का बेटा भी राजा बन सकता है और हुकूमत भी चला सकता है। पहले की सरकारों द्वारा खड़े किए गए भ्रष्ट तंत्र को मनोहर सरकार ने ध्वस्त किया और बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को नौकरी दी।