Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

गांव भंगू में निकाला गया नगर कीर्तन, गतका पार्टी ने दिखाए जौहर

सिरसा।(सतीश  बांसल) सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गांव भंगू में उत्साह व उमंग के साथ नगर कीर्तन सजाया गया। नगर कीर्तन श्री गुरुग्रंथ साहिब की हजूरी में और पांच प्यारों की अगुवाई में निकाला गया। पालकी साहिब को फूलों से बेहद सुंदर व आकर्षक तरीके से सजाया गया। नगर कीर्तन के दौरान गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी बाबा जगदेव सिंह जी ने अरदास की। नगर कीर्तन गुरुद्वारा दर्शन दीदार साहिब से शुरू होकर गांव की विभिन्न गलियों मोहल्लों से होता हुए व्यामशाला पहुंचा व्यामशाला में भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने पांच प्यारों को सिरोपा भेंट किए। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन फतेह में गांव भंगू की अहम भूमिका रही है।  दिल्ली बॉर्डर पर और  गुरुद्वारा कमेटी की ओर से लखविंदर सिंह को धार्मिक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उनके साथ आए महेंद्र सिंह ढिल्लों और लंगर कमेटी पंजुआना के सेवादारों कुलतार सिंह , रमन गिल, काका कंवर, व हरचरण कंवर को भी सन्मानित किया गया। नगर कीर्तन को लेकर गांव वालों में भारी उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पांच प्यारों को सिरोपा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया रास्ते में मिठाई, पकोड़े, दूध-चाय, बिस्कुट और फ्रूट आदि का लंगर लगाया गया। माथा टेकने के बाद श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। नगर कीर्तन के दौरान श्री गुरुग्रंथ साहिब की पालकी के आगे श्रद्धालु झाड़ू लगाकर सफाई कर रहे थे और पालकी के साथ-साथ श्रद्धालु सतनाम वाहेगुरु का जाप करते हुए तथा जो बोले सो निहाल के जयकारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। नगर कीर्तन के दौरान रागी जत्थे ने शब्द कीर्तन के माध्यम से श्री गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन शैली पर प्रकाश डाला। इस दौरान गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान सरदार जसपाल सिंह,  मेंबर गमदूर सिंह, सुखदेव सिंह नंबरदार, नवदीप सिंह, जसवंत सिंह,  बूटा सिंह अकाली, हरदेव सिंह ने नगर कीर्तन में शामिल हुए सभी गांव वासियों में आस पड़ोस के गांव से पहुंची संगतो का धन्यवाद किया। नगर कीर्तन वहां से फिर चलकर भिन्न-भिन्न गलियों से होते हुए गुरुद्वारा साहब पहुंचा जहां समापन की अरदास करके जयकारों के साथ नगर कीर्तन का समापन किया गया। इस मौके पर गुरलाल भंगू, पूर्व सरपंच जसवीर सिंह, जगदेव सिंह, साहूवाला से हैड ग्रंथी बाबा कुलदीप सिंह, प्रकाश सिंह, गुरमीत सिंह, जस्सी सिंह, गुरदीप सिंह, रणधीर सिंह, आदि सेवादारों ने गुरू चरणों में हाजिरी लगाई।