Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

राज्यमंत्री ने महाराणा प्रताप के स्वाभिमान का किया अपमान

अमेठी जनपद के जगदीशपुर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक सुरेश पासी द्वारा सम्राट महाराणा प्रताप द्वार बोर्ड पर लिखवाया गया कि समय इतना बलवान होता है कि एक राजा को भी घास की रोटी खिला सकता है। इसी तरह लिखे गये शब्दों से सियासती भूचाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर लोगों ने आपत्ति दर्ज करवाना शुरू किया। 

फेसबुक, ट्वीटर सहित कई अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर राज्य मंत्री सुरेश पासी के खिलाफ विरोध बढ़ने लगा। आखिरकार मंत्री ने गलती मानते हुए  ट्वीटर पर आश्वासन दिया कि सुबह होते ही गेट पर लिखे वाक्य को खुर्चवाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्रिंट मिस होने से गलती हो गई।

इसी मामले को लेकर राजनीतिक दखल भी शुरू हो गया । कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने जिलाधिकारी अमेठी अरूण कुमार को पत्र लिखकर इसे मंत्री द्वारा सम्राट महाराणा प्रताप का अपमान करार दे दिया। इतना ही नहीं उन्होंने बोर्ड ना हटाए जाने पर स्वयं पहुंचकर बोर्ड हटाने की चेतावनी भी जारी कर दी। इसके साथ ही तमाम अन्य संगठनों से जुड़े लोगों ने भी इस कृत्य की निंदा करते हुए बोर्ड हटवाए जाने की मांग की। जिसके बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया।

उप जिलाधिकारी मुसाफिरखाना रामशंकर ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। विवादित अंश हटवाए जाने की व्यवस्था बनाई जा रही है।

रिपोर्ट: शिवकेश शुक्ल