Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पागलपन की सीमा पार कर चुकी हैं ममता बनर्जी : साक्षी महाराज

 

मेरठ। उन्नाव के भाजपा सांसद साक्षी महाराज सोमवार को नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर बरसे। उन्होंने ममता बनर्जी को पागल करार देते हुए उन्हें इलाज की सलाह दी। इसी के साथ जेएनयू, एएमयू और जामिया जैसे विश्वविद्यालयों में हो रही राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए केंद्र सरकार से इनका भी इलाज किए जाने की मांग की।

भाजपा सांसद साक्षी महाराज यहां सदर क्षेत्र में आयोजित एक संत समागम में शामिल होने पहुंचे थे। समागम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अपने चिरपरिचित अंदाज में उन्होंने ममता बनर्जी से लेकर प्रियंका वाड्रा, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, मुलायम सिंह और रालोद नेता जयंत चौधरी पर भी जमकर कटाक्ष किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि एनआरसी लागू होने की बात पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गई हैं। बौखलाहट में ही वह मेंटल होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। उन्होंने कहा क्योंकि ममता जानती हैं कि सीएए और एनआरसी लागू होते ही घुसपैठियों के बल पर चलाई जा रही उनकी राजनीति की दुकान बंद हो जाएगी। सीएए को लेकर हुई हिंसा के मामले में भाजपा का हाथ बताने वाले रालोद नेता जयंत चौधरी को भी साक्षी महाराज ने आड़े हाथ लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जयंत, अखिलेश, राहुल और प्रियंका जैसे नेता दंगाइयों को इनाम बांट कर क्या साबित करना चाहते हैं।

जेएनयू में हुई घटना पर बात करते हुए उन्होंने जेएनयू, एएमयू और जामिया जैसे विश्वविद्यालयों में राष्ट्र विरोधी गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा के मंदिरों में होने वाले राष्ट्रद्रोह के मामलों में ऐसे विश्वविद्यालयों का इलाज किए जाने की अपील की। जनसंख्या नियंत्रण कानून की पैरवी करते हुए इशारों ही इशारों में संप्रदाय विशेष पर निशाना साधते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि चार बीवी और 40 बच्चों का कानून अब देश में नहीं चलेगा।