Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

रोमांस का इस शहर में एक बार जरुर बनाएं घूमने का प्लान

हर इंसान दुनिया के खूबसूरत देश और शहर घूमने की इच्छा रखता है। अगर आपको मौका मिले तो जाहिर सी बात है आप अपनी पसंद की जगह घूमने जाएंगे लेकिन एक खूबसूरत जगह ऐसी भी है जहां घूमकर आपका वहीं बस जाने का मन करेगा। इस जगह का नाम है प्राग। ये शहर चेक गणराज्य की राजधानी है। यह एक सांस्कृतिक शहर है जो शानदार स्मारकों से भरा हुआ है। इसे रोमांटिक शहर कहा जाए तो कुछ गलत नहीं होगा। यहां की हर दीवार मोहब्बत की दास्तान बताती है। अकेले जाने का मन हो या पार्टनर के साथ यहां बिताए पल बेहद खूबसूरत बीतेंगे।

यह एक ऐसा देश है जो संगीत और कला के प्रति पूरी तरह समर्पित है। यहां हर कदम पर आपको कला के दर्शन होंगे। इसे बागीचों और अद्यानों का शहर भी कहा जाता है। इसके अलावा यह शहर बीयर के लिए भी मशहूर है। यहां दुनिया की सबसे अच्छी बीयर बनाई जाती है। यहां हर साल 40 लाख पर्यटक घूमने आते हैं। यहां के पुराने कस्बे घूमने के लिए बेहद ही खूबसूरत हैं। यहां क्रूज, पारंपरिक भोजन के साथ प्राग कैसल, द जॉन लेनन वॉल और चार्ल्स ब्रिज का आनंद भी लिया जा सकता है।

प्राग सिटी दुनियाभर में अपनी ऐतिहासिक विरासत के लिए भी मशहूर है। यह सैलानियों को इसलिए भी पसंद है क्योंकि यहां उन्हें बहुत कुछ मिल जाता है। उन्हें शिल्पकारी, कलाकारी, शांत हरे-भरे पार्क, देशी स्वादिष्ट बीयर, खाने-पीने की चीजें और शॉपिंग सब कुछ एक जगह पर ही मिल जाता है।

यह शहर अपने ऐतिहासिक महलों और इमारतों के अलावा चर्चों के गढ़ के रूप में भी मशहूर है। इनमें आपको दुनिया की सबसे खूबसूरत स्थापत्य शैली और नक्काशी देखने को मिलेगी। ऐसे में पुरातात्विक चीजों में रुची रखने वालों के लिए यह एक उम्दा शहर है।

प्राग किला शहर के सबसे ऊंचे स्थान पर स्थित है। यह सदियों पुराना किला आज भी पहले की ही तरह है। रात को इस किले में जलने वाली लाइट हर किसी को भाती है। इसके अलावा यहां आपको चार्ल्स ब्रिज भी मिल जाएगा। जो वाल्टवा नदी को ओल्ड टाउन और लेसर टाउन से जोड़ता है। आप इस शहर में शाही महल, कैथेड्रल, चर्च, मठ, टावर, घुड़शाला और नक्काशीदार संकरी गलियों आदि का लुत्फ उठा सकते हैं।