Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

साल का पहला चंद्रग्रहण आज, नहीं लगेगा सूतक, इन बातों का रखें ध्यान

 

नई दिल्ली। साल 2020 का पहला चंद्रग्रहण आज पौष पूर्णिमा (10 जनवरी 2020 शुक्रवार) की रात को पड़ेगा, जो भारत से भी देखा जा सकेगा। यह ग्रहण भारतीय समयानुसार रात 10 बजकर 37 मिनट पर शुरू होगा और लगभग चार घंटों तक जारी रहेगा। यह 11 जनवरी रात 2 बजकर 42 मिनट पर ख़त्म होगा। इसे भारत के साथ अन्य एशियाई देशों, यूरोप, अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया से देखा जा सकेगा।

इस ग्रहण का शानदार नज़ारा पौने एक बजे के आसपास देखा जा सकेगा, जब चांद का 90 प्रतिशत हिस्सा पृथ्वी की छाया पड़ने के कारण मंद नज़र आएगा। आज रात होने जा रहा चंद्रग्रहण पीनम्ब्रल यानी उप छाया ग्रहण है। यानी पृथ्वी की मुख्य छाया के बाहर का हिस्सा चांद पर पड़ेगा, जिससे उसकी चमक फीकी सी पड़ जाएगी।

इस ग्रहण में नहीं लगेगा सूतक

बाकी ग्रहण की तरह इस ग्रहण में सूतक नहीं लगेगा क्योंकि चंद्रमा पर पृथ्वी की छाया पूरी तरह से नहीं पड़ेगी। आमतौर पर देखा जाता है कि चंद्र या सूर्य ग्रहण होने के बारह घंटे पहले सूतक काल लगता है। सूतक काल में शुभ काम करना मना होता लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। ग्रहण काल को छोड़कर आप अपने बाकी के काम रोज की तरह ही कर सकते हैं। लेकिन ग्रहण काल में कुछ बातें ध्यान रखना जरूरी होगा।

 

ग्रहण के दौरान ध्यान रखें ये बातें

-ग्रहण के दौरान सोना नहीं चाहिए।
-ग्रहण के दौरान शारीरिक संबंध नहीं बनाना चाहिए।
-ग्रहण के दौरा भोजन नहीं करना चाहिए।
-ग्रहण के दौरान भगवान का ध्यान करना चाहिए या नाम का जाप करना चाहिए। अगले दिन आराम से स्नान-दान कर सकते हैं। इस बार कुछ नियमों का पालन न कर पाएं तो चिंता की बात नहीं है।

चंद्र ग्रहण का राशियों पर असर

मेष राशि वालों के दोस्तों और भाई-बहनों से रिश्ते खराब हो सकते हैं।

वृष राशि वाले परिवार में संभल कर चलें विवाद होने की संभावना है।

मिथुन राशि के लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें।

कर्क राशि के लोगों का मन अशांत रहेगा।

सिंह राशि के लोगों को धन लाभ हो सकता है।

कन्या राशि के लोगों को नौकरी बदलनी पड़ सकती है।

तुला राशि के लोग करियर में बदलाव ला सकते हैं।

वृश्चिक राशि के लोगों के हर कार्य में अड़चन आएगी।

धनु राशि के पति-पत्नी के संबंधों में कड़वाहट आएगी।

मकर राशि के लोग हारा हुआ महसूस करेंगे।

कुंभ राशि के लोगों को पेट की तकलीफें हो सकती हैं।

मीन राशि के लोग अपने माता-पिता की सेहत का ध्यान रखें।

साल 2020 के आगामी ग्रहण

10 जनवरी 2020- चंद्र ग्रहण
5 जून 2020- चंद्र ग्रहण
21 जून 2020 – सूर्य ग्रहण
5 जुलाई 2020- चंद्र ग्रहण
30 नवंबर 2020-चंद्र ग्रहण
14 दिसंबर 2020- सूर्य ग्रहण

इस वजह से चंद्र ग्रहण होता है

सूर्य की परिक्रमा के दौरान पृथ्वी, चांद और सूर्य के बीच में इस तरह आ जाती है कि चांद धरती की छाया से छिप जाता है। यह तभी संभव है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा अपनी कक्षा में एक दूसरे के बिल्कुल सीध में हों। पूर्णिमा के दिन जब सूर्य और चंद्रमा के बीच पृथ्वी आ जाती है तो उसकी छाया चंद्रमा पर पड़ती है। इससे चंद्रमा के छाया वाला भाग अंधकारमय रहता है। जब हम इस स्थिति में धरती से चांद को देखते हैं तो वह भाग हमें काला दिखाई पड़ता है। इसी वजह से इसे चंद्र ग्रहण कहा जाता है।