Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

जामिया की घटना सरकार का समाज में नफ़रत भरने का दुष्परिणाम : अखिलेश

प्रधानमंत्री जवाब दें वह कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं : प्रियंका वाड्रा

लखनऊ। दिल्ली के जामिया इलाके में गुरुवार को सीएए के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स द्वारा दिनदहाड़े गोली चलाए जाने की घटना की समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने निंदा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना के लिए  सरकार के मंत्रियों और नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि दिल्ली में एक युवक द्वारा निष्क्रिय पुलिस के सामने लोगों पर गोली चलाने की घटना बेहद निंदनीय है। आज के सत्ताधारी जिस प्रकार समाज को नफ़रत से भर रहे हैं, ये उसी का दुष्परिणाम है। आज राजनीति द्वारा पोषित घृणा से भटक रहे युवाओं व ख़ुद को बचाना हर ज़िम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘जब भाजपा सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे, भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं? वे हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ? वे विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ?’

गौरतलब है कि जामिया इलाके में सीएए के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक शख्स ने गोली चला दी। गोली चलाने वाले व्यक्ति ने कहा कि मैं तुम्हे आजादी दिलाता हूं। गोली चलाने वाला बाहर से आया था। गोली चलाने वाले व्यक्ति ने पिस्टल लहराते हुए कहा, ‘दिल्ली पुलिस जिंदाबाद, जामिया मिलिया मुर्दाबाद।’ गोली चलाने वाले शख्स की पहचान गोपाल के रूप में हुई है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।